
नकली दूध की फैक्ट्री पर कार्रवाई करती पुलिस
धौलपुर. शहर में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 44 पर कोतवाली थाना अंतर्गत एक होटल के पास गुर्जर कॉलोनी में पुलिस ने एक गोदामनुमा मकान में छापामार कार्रवाई की। मौके पर मिलावटी दूध तैयार किया जा रहा था। मौके पर तीन जने मिले, जिनसे पूछताछ जारी है।
सूचना पर सीएमएचओ डॉ.धर्मसिंह मीणा समेत अन्य टीम मौके पर पहुंची और यहां मिले अलग-अलग सामान का सैम्पल लिया गया। सीएमएचओ ने बताया कि फैक्ट्री में मिलावटी दूध तैयार किया जा रहा था। टीम को मौके पर पॉम ऑयल, रिकल्ड मिक्स पाउडर इत्यादि मिला है। उधर, पुलिस भवन मालिक की जानकारी कर रही है। बताया जा रहा है कि प्रतिदिन करीब 16 से 17 हजार लीटर मिलावटी दूध तैयार कर बाहर भेजा जाता है। त्योहारी सीजन से पहले यह पुलिस और खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई है।
टैंकरों से बाहर सप्लाई
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि यहां फैक्ट्री पर प्रतिदिन करीब तीन से चार टैंकर मिलावटी दूध के बाहर सप्लाई होते थे। पुलिस को मौके पर तीन व्यक्ति कार्य करते मिले। जबकि भवन मालिक की जानकारी की जा रही है। अचानक कार्रवाई से यहां हडक़ंप मच गया। यहां भवन में अंदर स्किल्ड मिक्सड पाउडर के कट्टे मिले हैं।
पुलिस को मिली सूचना और छापा मारा...
सूत्रों के अनुसार पुलिस अधिकारी को मिलावटी दूध तैयार करने की सूचना मिली। जिस पर कोतवाली पुलिस ने जाब्ते के साथ यहां गुर्जर कॉलोनी में एक मकान पर छापा मारा। यहां अंदर दूध बनाने का काम चल रहा था। अचानक कार्रवाई से काम कर रहे लोग इधर-उधर हुए जिस पर पुलिस ने उन्हें एक जगह खड़ा कर दिया और जानकारी ली। उधर, सूचना पर डॉ.धर्म सिंह मीणा मौके पर पहुंच गए और सामग्री का नमूना लिया जा रहा है, जो लैब में टेस्टिंग के लिए भेजा जाएगा।
त्योहार में जमकर बिक्री
त्योहारी सीजन के चलते अब मिलावटी दूध, मावा और मिठाई तैयार करने का कार्य जोर पकड़ जाता है। वहीं पड़ोसी क्षेत्र आगरा से भी सप्लाई होती है। इसी तरह बॉर्डर इलाके में भी मिलावटी खाद्य सामग्री बनाने को लेकर पूर्व में भी कार्रवाई हो चुकी हैं। राजाखेड़ा और रीको क्षेत्र में भी पहले कार्रवाई हो चुकी हैं।
- सूचना पर वह और अन्य टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की टीम ने यहां पर कार्रवाई की है। मौके पर मिलावटी दूध तैयार किया जा रहा था। सैम्पल लेने की कार्रवाई की जा रही है।
- डॉ.धर्म सिंह मीणा, सीएमएचओ धौलपुर
Updated on:
02 Oct 2026 06:36 pm
Published on:
02 Oct 2026 06:36 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
