
13 lakh PF account holders withdrawl 4685 crore rs in Lockdown
नई दिल्ली। कोरोना वायरस लॉकडाउन ( Coronavirus Lockdown ) के कारण मिली छूट का फायदा उठाते हुए पीएफ अकाउंट ( PF Account ) से खाताधारक तेजी से पैसा निकाल रहे हैं। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ( Ministry of Labor and Employment ) के कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ( Employees Provident Fund Organization ) के मुताबिक, अब तक करीब 13 लाख खाताधारक इस सुविधा का लाभ उठा चुके हैं। उनके दावों पर 4684.52 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है। खास बात है कि 7.40 लाख दावे प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना ( Pradhan Mantri Garib Kalyan Yojana ) पैकेज से जुड़े हैं।
कुछ इस तरह के आंकड़ें किए जारी
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के मुताबिक, छूट प्राप्त पीएफ ट्रस्ट से भी पैसा निकालने वालों की संख्या बढ़ी है। बीते 27 अप्रैल के आंकड़ों के मुताबिक कुल 79,743 छूट प्राप्त पीएफ ट्रस्ट से जुड़े खाताधारकों ने 875.52 करोड़ रुपए खाते से निकाले। इसी तरह 222 निजी प्रतिष्ठानों के 54641 खाताधारकों ने 338.23 करोड़, जबकि 76 पब्लिक सेक्टर के प्रतिष्ठानों के 24178 लाभार्थियों ने 524.75 करोड़ रुपए अपने खाते से निकाले। इसी तरह 23 सहकारी सेक्टर के प्रतिष्ठानों ने 924 खाताधारकों को 12.54 करोड़ रुपए दिए।
आखिर सरकार की ओर से दी गई थी छूट
दरअसल बीते 26 मार्च को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत 1.70 लाख करोड़ का पैकेज घोषित किया था। जिसमें कोविड 19 से आर्थिक संकट का सामना कर रहे पीएफ खाताधारकों को भी पैसे निकालने की सुविधा दी गई। घोषणा के बाद ईपीएफ स्कीम, 1952 के पैरा 68 एल में एक नया सब-पैरा (3) जोड़ा गया। जिसके तहत कोई खाताधारक खाते की राशि का 75 प्रतिशत या फिर तीन महीने के महंगाई भत्ते (जो भी कम हो) के बराबर पैसे की निकासी कर सकता है। पैसा निकालने के बाद खाताधारक को फिर से खाते में जमा करने की जरूरत नहीं होगी।
Updated on:
29 Apr 2020, 9:54 AM IST
Published on:
29 Apr 2020, 9:51 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.