
Liquor
नई दिल्ली। दिल्ली एनसीआर ही नहीं बल्कि देश के उन तमाम राज्यों में शराब बेची जाती है वहां पर शाम होते ही शराब के ठेकों पर लंबी-लंबी कतारें साफ देखी जा सकती है। कई बार तो भीड़ होने के बाद ज्यादा धक्का मुक्की होती है। जिसमें कई बार दुर्घटनाएं भी हो जाती हैं। ऐसे में अब शराब को बेचने के लिए नायाब तरीका निकाला गया है। जिसके लागू होते ही शराब के शौकीनों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। देश की सबसे बड़ी शराब कंपनी यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (यूएसएल) ई-कॉमर्स के जरिए शराब बेचने की तैयारी करली है।
राज्य सरकारों से चल रही बातचीत
जॉनी वॉकर स्कॉच और स्मिरनॉफ वॉदका जैसे ब्रांड बनाने वाली कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर आनंद कृपालु ने इस नए प्रयोग के बारे में बताया कि चालू वित्त वर्ष में कमजोर बिक्री के बाद उपभोक्ताओं की बढ़ती मांग से यह सम्भावना तलाशी जा रही है। इसे लेकर कंपनी राज्य सरकारों और दूसरे ई-कॉमर्स साझेदारों से बात कर रही है। इस अच्छे मौके को देख ई-कॉमर्स का फायदा कंपनी कैसे उठा सकती है इस पर विचार किया जा रहा है।
ब्रांडेड शराब की मांग बढ़ी
कृपालु ने इस बीच राष्ट्रीय राजमार्ग की दुकानों पर सुप्रीम कोर्ट के प्रतिबंध लगाने, जीएसटी आदि की समस्याओं का जिक्र कर कहा कि देश में प्रति व्यक्ति शराब की खपत कम होने के बावजूद लोगों की आमदनी बढ़ने से अच्छी ब्रांडेड शराब पीने की मांग है। शराब को लेकर सामाजिक बंदिशें भी कम होने से इस धंधे को लेकर आशान्वित हैं। वैसे कई राज्यों में इस पर पाबंदी है। ई कॉमर्स से कम उम्र के लोग शराब न खरीदें यह राज्यों की चिंता है, लेकिन इसे भी रोका जा सकता है। शराब सही हाथों में पहुंच सके, इसके लिए ऑनलाइन शराब खरीदी के बाद उसकी डिलिवरी लाइसेंस्ड स्टोर से की जा सकती है।
पहला मौका होगा
आपको बता दें कि देश में यह पहला मौका होगा कि ई-कॉमर्स के जरिये शराब की बिक्री की जाएगी। इससे पहले इस तरह की हिम्मत किसी ने नहीं दिखाई है। जानकारों की मानें तो इससे शराब की दुकानों के बाहर लगने वाली भीड़ में कमी हो जाएगी। जिससे किसी तरह की संभावित वारदातें कम हो जाएगी। वहीं लोग आसानी से अपनी पसंद की शराब को आसानी से प्राप्त हो जाएगी।
Published on:
25 Apr 2018, 3:57 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.