बिहार में शिक्षा विभाग में लापरवाही का एक और नमूना प्रकाश में आया है, जहां एक स्कूल के करीब 50 छात्र-छात्राओं को सड़क किनारे फुटपाथ पर रात गुजारनी पड़ी। हालांकि, उनके शिक्षक भी उनके साथ थे। यह पूरा मामला मुख्यमंत्री बिहार दर्शन योजना से जुड़ा है, जिसके तहत पूर्वी चंपारण जिले के एक स्कूल के बच्चे मंगलवार को पटना घूमने पहुंचे थे। पूर्वी चंपारण जिला शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने कहा, "कोटवा प्रखंड के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय मच्छरगावां के करीब 50 बच्चों को स्कूल प्रबंधन द्वारा मुख्यमंत्री दर्शन योजना के तहत मंगलवार को पटना घूमाने लाया गया था। इस दौरान रात हो गई और बच्चों को पटना में ही रहना पड़ा।"