
AI वीडियो में इब्राहिम-वामिका की जोड़ी ने जीता दिल (सोर्स: instagram- viral.morzaria)
Ibrahim Ali Khan AI Video: इब्राहिम अली खान और वामिका गब्बी का एक AI से बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों 2004 में रिलीज हुई सैफ अली खान और रानी मुखर्जी की फिल्म ‘हम तुम’ के मशहूर गाने ‘लड़की क्यों’ के अंदाज में नजर आ रहे हैं। वीडियो इतना रियलिस्टिक है कि कई लोगों को पहली नजर में इब्राहिम में उनके पिता सैफ अली खान की झलक दिखाई दी।
वायरल वीडियो में इब्राहिम अली खान और वामिका गब्बी को ‘हम तुम’ के करण और रिया के लुक में देखा जा सकता है। AI की मदद से तैयार किए गए इस वीडियो में दोनों के कपड़े और लुक भी फिल्म में सैफ और रानी के किरदारों से मिलते-जुलते रखे गए हैं।
इस AI रिक्रिएशन को वायरल मोरजारिया ने तैयार किया और अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया। खास बात यह है कि वामिका गब्बी को भी यह AI वीडियो पसंद आया है।
वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर यूजर्स ने इब्राहिम और वामिका की जोड़ी की तारीफ शुरू कर दी। कई लोगों ने खास तौर पर इब्राहिम के लुक की तुलना उनके पिता सैफ अली खान से की।
एक यूजर ने लिखा, ‘बहुत अच्छी जोड़ी’, जबकि दूसरे ने कहा कि इब्राहिम बिल्कुल सैफ जैसे दिख रहे हैं। एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, ‘सच में लगा कि यह सैफ अली खान है।’ वहीं किसी ने वीडियो को ‘कमाल’ बताया तो कुछ लोगों ने इसे ‘मस्त’ कहा। एक कमेंट में इब्राहिम को उनके पिता की ‘जेरॉक्स कॉपी’ तक कहा गया। वीडियो के बाद फैंस के बीच यह चर्चा भी शुरू हो गई कि अगर ‘हम तुम’ की कहानी आज के दौर में बनाई जाए तो इब्राहिम और वामिका की जोड़ी करण और रिया के किरदारों में कैसी लगेगी।
इब्राहिम अली खान ने साल 2025 में खुशी कपूर के साथ नेटफ्लिक्स फिल्म ‘नादानियां’ से एक्टिंग की शुरुआत की थी। फिल्म के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें अपने अभिनय को लेकर आलोचना का सामना करना पड़ा था। इसके बाद वह पृथ्वीराज सुकुमारन और काजोल के साथ फिल्म ‘सरजमीन’ में नजर आए।
वहीं, वामिका गब्बी को आखिरी बार ‘डीसी’ में देखा गया था। अब वह ‘प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम’ में नजर आने वाली हैं। यह फिल्म 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
Updated on:
07 Oct 2026 05:22 pm
Published on:
07 Oct 2026 05:21 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
