
कुनिका सदानंद और कृति सेनन की फोटोज। (फोटो सोर्स: instagram-@iam_kunickaasadanand X/@Jeredwiliam)
Kunickaa Sadanand Supports Kriti Sanon: ज्वेलरी ब्रांड GIVA के लिए एक्ट्रेस कृति सेनन के रक्षाबंधन विज्ञापन ने सोशल मीडिया पर बहस थमने का नाम नहीं ले रही है, जिसमें कुछ यूजर्स एक्ट्रेस के पारंपरिक त्योहार वाले लुक पर सवाल उठा रहे हैं। कृति को इस मौके पर ब्रालेट-स्टाइल वाला डीप-नेक ब्लाउज़ पहने देखा गया था। जहां कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इस आउटफिट की आलोचना की, वहीं कृति ने अपने लुक का बचाव किया और बताया कि कैसे एथनिक फैशन समय के साथ बदला है। अब इस में कुनिका सदानंद की एंट्री भी हो गई है उन्होंने कृति सेनन का समर्थन करते हुए ज्वेलरी ब्रांड पर निशाना साधा है।
कृति सेनन के चल रहे विवाद के बीच, एक्ट्रेस कुनिका सदानंद कृति के समर्थन में उतरी हैं और GIVA की कड़ी आलोचना की है, क्योंकि उनके अनुसार ब्रांड ट्रोलिंग के समय एक्ट्रेस के साथ खड़ा नहीं रहा।
सोशल मीडिया पर अपनी बात रखते हुए कुनिका ने लिखा, "मुझे यह बहुत पसंद आया, @kritisanon, आप और आगे बढ़ें। जहां तक ब्रांड GIVA की बात है, तो आपको शर्म आनी चाहिए कि आप इतने कायर निकले और कृति सेनन को ट्रोलिंग और स्लट-शेमिंग का सामना करने के लिए अकेला छोड़ दिया।"
इसके आगे कुनिका ने ज्वेलरी ब्रांड से खरीदारी करने वाली महिलाओं से इस विवाद पर ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने लिखा, "उन सभी महिलाओं के लिए जो GIVA से खरीदारी करने की योजना बना रही हैं, यह बात याद रखें।" उन्होंने विज्ञापन को पेश करने के तरीके को तय करने में ब्रांड की भूमिका पर भी रोशनी डाली और क्रिएटिव फैसलों को लेकर हो रही आलोचना के खिलाफ आर्टिस्ट का बचाव किया। कुनिका ने कहा, "एक आर्टिस्ट कभी स्क्रिप्ट तय नहीं करता; ब्रांड ही हर डिटेल को मंजूरी देता है, जिसमें कपड़े भी शामिल हैं।"
वहीं, कुनिका सदानंद ने कंगना रनौत के पुराने रक्षाबंधन विज्ञापन को लेकर उन पर भी तंज कसा है। कंगना के पुराने ऐड में उन्हें डीप नेकलाइन वाली स्ट्रैपलेस ड्रेस में देखा गया था। कृति सेनन के राखी विज्ञापन की ड्रेस पर कंगना की हालिया टिप्पणी के बीच जब यह पुराना ऐड सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो कुनिका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर टिप्पणी करते हुए लिखा, "मेरा कुत्ता कुत्ता, तेरा कुत्ता टॉमी???" बता दें कि नेटिजन्स कुनिका के इस कमेंट को कंगना की कथित दोहरी सोच पर कटाक्ष के तौर पर देख रहे हैं।
अब जब कुनिका सार्वजनिक रूप से कृति का समर्थन कर रही हैं और आलोचना से निपटने के GIVA के तरीके पर सवाल उठा रही हैं, तो यह विवाद एक नया मोड़ ले चुका है।
Updated on:
28 Aug 2026 11:38 am
Published on:
28 Aug 2026 11:38 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
