बॉलीवुड एक्टर कार्तिक आर्यन (Kartik Aryan) इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म 'शहजादा' (Shahzada) को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। हालांकि उनकी और कृति सेनन (Kriti Sanon) फिल्म ऑडियंस पर अपनी छाप छोड़ने में बहुत स्लो रही है। 'शहजादा' ने पहले दिन ही उम्मीद से कम कलेक्शन किया था। वहीं दूसरे दिन के बिजनेस में भी कुछ खास इजाफा नहीं हुआ। इस बीच कार्तिक आर्यन एक और मुश्किल में पड़ गए हैं। दरअसल, सड़क के गलत साइड पर अपनी कार पार्क करने के लिए एक्टर पर मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने जुर्माना लगा दिया है। ट्रैफिक पुलिस ने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के लिए चेतावनी के तौर पर इस खबर को शेयर किया है।