
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
इटावा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में शीघ्र ही 10 वर्ष से कम आयु वाले बच्चों के सभी अभिभावकों को कोरोना का टीका लगेगा। इससे बच्चों पर खतरा कम होगा। कहा कि थर्ड वेव आने से पहले हमारा प्रयास है कि प्रदेश में 10 वर्ष से कम उम्र के जिनके बच्चे हैं, उनके माता-पिता को वैक्सीन से आच्छादित करने का कार्य कर सकें। सीएम योगी ने कहा कि मई माह के अंत तक दूसरी लहर खत्म होने की उम्मीद है। तीसरी लहर को रोकने की तैयारियों में सरकार तेजी से जुटी है। जिलों में चिकित्सा व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जा रही हैं। केंद्र सरकार के सहयोग से पूरे प्रदेश में 300 आक्सीजन प्लांट लग रहे हैं। मुख्यमंत्री शनिवार को इटावा के सैफई स्थित उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई का निरीक्षण करने पहुंचे थे। सैफई की हवाई पट्टी पर पहली बार किसी गैर सपाई नेता का हेलीकॉप्टर उतरा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के केस तेजी से कम हो रहे हैं। प्रदेश में सबसे ज्यादा टेस्ट किए गये हैं और जनता को फ्री में वैक्सीन लगवाया जा रहा है। कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए तेजी से इंतजाम किए जा रहे हैं। हर जिले में 100-100 पीडियाट्रिक बेड के वार्ड की व्यवस्था की जा रही है, ताकि बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए केंद्र-राज्य मिलकर काम कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने लोगों से भी कोविड प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने की बात कही।
Updated on:
22 May 2021, 2:48 PM IST
Published on:
22 May 2021, 2:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.