
बंगले में तोड़फोड़ के मुद्दे पर अखिलेश को घेरने में जुटी बीजेपी, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने दिया बड़ा बयान
इटावा. चार विक्रमादित्य मार्ग स्थित सरकारी आवास में तोड़फोड़ के मुद्दे को लेकर भाजपाई अखिलेश यादव को घेरने में जुट गये हैं। शनिवार को उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को उन्हीं के 'घर' इटावा में घेरा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ निरंतर गरीबों के कल्याण के लिए कार्य रहे हैं। उन्होंने सैफई की भांति महल या कोठियां नहीं बनाई हैं। उनके परिजन अभी तक न तो सरकारी आवासों पर आए और न ठेकेदारी कर रहे हैं।
परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शनिवार को नुमाइश पंडाल में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहर के लाभार्थियों को स्वीकृत पत्र और ग्रामीणों को पट्टा देने के प्रमाणपत्र वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने मोदी और योगी के कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं का बखान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने 2014 में जो कहा था कि देश लुटने नहीं दूंगा, बंटने नहीं दूंगा और झुकने नहीं दूंगा को चार साल में चरितार्थ कर दिखाया।
इटावा के विकास के लिये सरकार प्रतिबद्ध : स्वतंत्र देव सिंह
उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने जनपद के सर्वांगीण विकास हेतु सड़क, शिक्षा, महिलाओं को आत्म निर्भर बनाने हेतु, किसानों के उत्थान हेतु ग्रामीण पेयजल, पशुपालन, दुग्ध विकास, अनुसूचित जाति ,जन जाति उत्थान, लघु एवं सीमान्त कृषकों, चिकित्सा, ग्रामीण आवास, ग्रामीण स्वच्छता, ग्रामीण आजीविका मिशन आदि के लिए 224 करोड़ रुपये की वर्ष 2018-19 हेतु जिला योजना को अन्तिम रूप दिया। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनपद के विकास के लिए कटिबद्ध है। इसके लिए पर्याप्त मात्रा में धनराशि अवमुक्त की गई है। अवमुक्त धनराशि से जो भी विकास कार्य कराये जाये, उसमें किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न किया जाये। उन्होंने सभी जन प्रतिनिधियों से निर्माण कार्यों पर पैनी नजर रखने को कहा।
देखें वीडियो...
Published on:
24 Jun 2018 09:57 am
बड़ी खबरें
View Allइटावा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
