
प्रोफेसर राम गोपाल यादव
UP Nikay Chunav: सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर राम गोपाल यादव सोमवार को सैफई स्तिथ अपने आवास पहुंचे। वहां पर उन्होंने निकाय चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात की। प्रोफेसर रामगोपाल ने मिडिया से बात करते हुए देश और प्रदेश की राजनीति को लेकर सत्ता पक्ष पर निशाना साधा।
रामगोपाल यादव ने कहा कि लोग वोट इसलिए करते हैं कि जो शासन की व्यवस्था चल रही है। उसमें लोगों के हित के लिए काम हुआ हो। लोग बताते हैं कि अखिलेश यादव की सरकार के समय में नगर पालिकाओं में बहुत बड़े पैमाने पर काम हुए हैं। लेकिन अखिलेश सरकार जाने के बाद जिन लोगों को बेहतर सुविधा देने के लिए काम किए जाने चाहिए थे, वह नहीं हो सके जिधर देखो उधर गंदगी और पानी की समस्या है।
मायावती को बीजेपी की बी टीम बताया
सरकार को जिस मुद्दे पर ध्यान देना चाहिए उस पर नहीं दिया गया। इसलिए जनता का रुख शासन के उम्मीदवारों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी जीतेंगे तो बेहतर व्यवस्था हो सकेगी। इसलिए जिन जगहों पर हमारे प्रत्याशी नहीं जीते हैं। वहां भी इस बार जबरदस्त समर्थन मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हर जगह चुनाव जीतने जा रही है। इसका हमें उम्मीद है। वहीं मायावती की पार्टी से अधिक मुस्लिम प्रत्याशी बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सारे लोग जानते हैं कि मायावती बीजेपी की बी टीम बनकर काम कर रही हैं।
यह भी पढ़ें: UP Nikay Chunav: योगी के गढ़ गोरखपुर में बरसे अखिलेश यादव, बोले- 6 साल के कार्यकाल में नाली नहीं बन पाई
कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है: राम गोपाल यादव
कर्नाटक विधानसभा चुनाव पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि वहां से जो खबरें आ रही हैं। उससे हमें लगता है कि बीजेपी की हालत वहां खराब ही नहीं बल्कि बहुत खराब है। कर्नाटक के जो नॉन पॉलिटिकल लोग हैं उनका मानना है बीजेपी को अगर इस बार 30 से 40 सीटें मिल जाए तो भी बहुत बड़ी बात हैं। कांग्रेस पूर्ण रूप से बहुमत में सरकार बनाने जा रही है।
न्यायालय के फैसले पर कोई टिप्पणी नहीं
सांसद मुख्तार अंसारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि कुछ मुकदमे होते हैं जो गंभीर होते हैं। हमें उस पर नहीं बोलना चाहिए। न्यायालय से जुड़ा मामला है। न्यायालय के मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की जा सकती।
सीएम योगी पर तंज कसा
अखिलेश यादव पर बीजेपी के द्वारा एक गाना सोशल मीडिया पर वायरल करने के सवाल पर कहा कि जब बीजेपी वालों के पास कुछ नहीं होता है तो वह इस तरीके की बातें करते हैं। लेकिन सबसे दुखद बात यह है कि जिन वस्त्रों को पहनकर आदमी सड़क से गुजरता है, कोई व्यक्ति उसको जानता हो या ना जानता हो। गेरुआ वस्त्र पहन कर कोई संत जा रहा है, तो राजा से लेकर रंक तक सब सिर झुकाते हैं। अफसोस इस बात का है इन वस्त्रों में हमारे माननीय मुख्यमंत्री जी जो भाषा बोलते हैं वह किसी संत की नहीं हो सकती। उनके बारे में क्या कहा जाए कुछ कह नहीं सकते।
Updated on:
1 May 2023, 12:22 PM IST
Published on:
1 May 2023, 12:16 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.