
शरद पूर्णिमा देशभर में 13 अक्टूबर को मनाया जाएगा। 13 अक्टूबर की रात को लक्ष्मी पूजन किया जाएगा। देवी लक्ष्मी को प्रसन्न करने एवं उनकी कृपा पाने के लिए शरद पूर्णिमा की रात को कुछ खास उपाय करने से मां लक्ष्मी की कृपा से आप धनवान भी बना सकते हैं।
अगर आप धनवान बनना चाहते हैं तो शरद पूर्णिमा की रात मोती शंख पर केसर से स्वास्तिक बनाएं। अब 108 अक्षत यानि चावल लेकर 'ऊँ ह्रीं ओम महालक्ष्मये नम:' मंत्र का जप करें। ये प्रक्रिया आपको एक-एक चावल के दाने के साथ अलग-अलग करनी है। ये उपाय आप रात 9 बजे से लेकर आधी रात 12:30 तक कर सकते हैं। पूजन के बाद इन चावल के दानों को किसी कपड़े में बांधकर अपनी तिजोरी में रख दें। इससे हमेशा धन बना रहेगा।
देवी लक्ष्मी की कृपा पाने के लिए शरद पूर्णिमा की रात अखंड ज्योत जलाएं। क्योंकि घर में रोशनी होने से मां लक्ष्मी का आगमन होता है और पुराणों के अनुसार चंद्रलोक में देवी मां दीप के रूप में विराजमान हैं। इसलिए दीपक जलाने से वो प्रसन्न होती हैं और आपकी सारी मनोकामनाएं पूरी करती हैं।
नारियल को देवी लक्ष्मी का प्रतीक स्वरूप भी माना जाता है। इसलिए लक्ष्मी पूजन के समय लक्ष्मी जी के सामने एक छोटा नारियल रखकर उस पर आठ कमल के फूल चढ़ाना शुभ माना जाता है। इस उपाय को करने से निर्धन व्यक्ति भी अमीर बन जाता है।
मां लक्ष्मी की कृपा पाने के लिए आंवले का पूजन भी बहुत शुभ फलदायी होता है। माना जाता है कि आंवला मां लक्ष्मी और भगवान विष्णु को काफी पसंद है। कहा जाता है कि आंवले के पेड़ में मां लक्ष्मी का वास रहता है, इसलिए इसके वृक्ष का पूजन आपके लिए लाभकारी साबित होगा।
देवी लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए इनका का अभिषेक दक्षिणावर्ती शंख से करना चाहिए। उन्हें गंगाजल और केसर मिश्रित जल से स्नान कराना चाहिए। साथ ही उन्हें लाल वस्त्र धारण कराना चाहिए। ऐसा करने से आपके घर में हमेशा धन-धान्य बना रहेगा। दरअसल, दक्षिणावर्ती शंख की उत्पत्ति भी पूर्णिमा के दिन ही हुई थी। इसलिए मां लक्ष्मी के सामने इस शंख को रखने से घर में धन-धान्य की बढ़ोत्तरी होती है।
शरद पूर्णिमा की रात को महालक्ष्मी को खीर अर्पित करने और इसे चांदनी रात में रखने का विशेष महत्व होता है। कहा जाता है कि इस दिन चंद्रमा सोलह कलाओं से परिपूर्ण होता है, जिसके चलते उसकी रोशनी से खीर अमृत बन जाता है। इसका सेवन करने से व्यक्ति को कई स्वास्थ लाभ होते हैं।
Updated on:
10 Oct 2019 11:28 am
Published on:
10 Oct 2019 11:28 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
