
नई दिल्ली। बीते काफी समय से देश के कुछ हिस्सों में नोटों की किल्लत चल रही है। कोई इसे नोटों की जमाखोरी बता रहा है तो बैंक वाले भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआइ) से नोट नहीं मिलने की बात कह रहे हैं। लेकिन इस सब के बीच आम आदमी को संकट का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन देश में एक जगह एेसी भी है जहां पर आपको नोटों के ढेर लगे मिल जाएंगे। आप यहां से इन नोटों को खरीद भी सकते हैं। हालांकि इसके लिए आपको तय कीमत से ज्यादा रकम देनी होगी। दरअसल हम बात कर रहे हैं नोटों की माला का कारोबार करने वाले दुकानदारों की। इन दुकानों पर आपको पांच रुपए से लेकर दो हजार रुपए तक के नोटों की माला मिल जाएंगी। लेकिन इन नोटों की माला को खरीदने के लिए आपको नोटों की कीमत के मुकाबले अधिक धन खर्च करना पड़ेगा।
शादियों में होता है नोटों की माला का इस्तेमाल
दरअसल, भारत में शादी के दौरान दूल्हे को नोटों की माला पहनाई जाती है। नोटों की यह मालाएं बाजार में दुकानों पर मिलती हैं। इन नोटों की माला को बेचने वाले दुकानदार ग्राहकों से तय माला से अधिक दाम वसूलते हैं। इसके पीछे दुकानदार अपनी मेहनत का तर्क देते हैं। इसके अलावा यह दुकानदार नोटों की माला को किराए पर भी देते हैं। पूरे देश में नोटों की माला बनाने का बड़ा कारोबार है।
नए नोटों की माला भी उपलब्ध
नोटबंदी के बाद लोगों को राहत देने के लिए आरबीआइ 10, 50 और 200 रुपए के नोट जारी किए थे। इन नोटों को जारी हुए चार माह से अधिक का समय बीत चुका है लेकिन ये नए नोट अभी भी आम आदमी की पहुंच से बाहर हैं। बैंक कर्मचारी भी आरबीआइ से नए नोट नहीं मिलने की बात कहते हैं, लेकिन नोटों की माला का कारोबार करने वालों के पास आपको 10, 50 और 200 रुपए के नए नोटों की माला मिल जाएगी। कई दुकानदार तो इन नए नोटों की गड्डी भी खुलेआम अधिक दामों पर बेच रहे हैं। नए नोटों की गड्डी के बदले दुकानदार तय कीमत से 100 से 300 रुपए तक अधिक ले रहे हैं।
Published on:
28 Apr 2018 07:52 pm
