फिरोजाबाद। पेट्रोल मूल्य वृद्धि के विरोध में सपाइयों ने भाजपा सरकार के विरोध में मोर्चा खोल दिया। सपाइयों ने शहर में रैली निकालकर पेट्रोल वृद्धि का विरोध किया। इस दौरान सपाई भाजपा सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए चल रहे थे। इस दौरान सपाइयों ने शहर की विभिन्न गलियों में बाइक को पैदल खींचा और नारेबाजी की।
जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में हुआ प्रदर्शन
सोमवार को सपा जिलाध्यक्ष सुमन देवी सविता के नेतृत्व में सपाई जैन तिराहा पर एकत्रित हुए। जहां से सपाई मोटरसाइकिलों को धक्का लगाते हुए चल रहे थे। रैली में शामिल सपाई हाथों में झंडे और नारे लिखी हुई तख्तियां लेकर चल रहे थे। इस दौरान सपाइयों ने भाजपा सरकार आई है पेट्रोल मूल्यवृद्धि लाई है। गांव शहर में यही पुकार, मोदी, योगी की भ्रष्ट सरकार जैसे नारे लगाते हुए चल रहे थे।
विभिन्न रास्तों से गुजरी रैली
सपा की प्रदर्शन रैली सुभाष तिराहा से प्रारंभ होकर गांधी पार्क होते हुए हाईवे पर पहुंची। इस दौरान जगह-जगह नारेबाजी और प्रदर्शन किया गया। इस दौरान सपाइयों ने बाइक को बैलगाडी में रख विरोध जताया। सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि केन्द्र और प्रदेश में भाजपा सरकार होने के बाद भी महंगाई पर लगाम नहीं कस पा रही है। पेट्रोल के दामों में बेतहाशा वृद्धि की जा रही है। विरोध प्रदर्शन की रैली में अवनीन्द्र यादव, विनय वाल्मीकि, राजकुमार राठौर, बंटू कठेरिया समेत काफी संख्या में सपाई मौजूद रहे।