
FIFA WC 2018: 5 बार की विजेता ब्राजील को स्विट्जरलैंड ने ड्रा पर रोका, नहीं चला नेमार का जादू
नई दिल्ली। पांच बार की चैम्पियन ब्राजील ने फीफा विश्व कप के ग्रुप-ई के अपने पहले मुकाबले में रविवार देर रात स्विट्जरलैंड से 1-1 से ड्रॉ खेला। रोस्तोव एरीना में खेले गए मुकाबले में ब्रजाली के लिए फिलिप कोटिन्हो ने गोल किया जबकि स्विट्जरलैंड के लिए स्टीवन जुबेर ने बराबरी का गोल दागा। पूरे मैच के दौरान विपक्षी टीम के खिलाड़ियों ने ब्राजील के स्टार खिलाड़ी नेमार जूनियर पर मजबूत टैकल किए और उन्हें परेशानी में डाले रखा।ब्राजील सबसे अधिक 5 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम है, इसके साथ ही वह लगातार दो वर्ल्ड कप परे कब्जा ज़माने वाली आखिरी टीम है। ब्राजील नंबर 2 टीम है वहीं उनकी विपक्षी टीम स्विट्जरलैंड की फीफा रैंकिंग 6 है।
ब्राजील ने जल्द ली बढ़त
मैच में गोल करने का पहला मौका ब्राजील को 12वें मिनट में मिला। स्टार फारवर्ड नेमार ने बॉक्स के बाहर से पॉलिन्हो को पास दिया लेकिन वह गेंद तक नहीं पहुंच पाए और स्विट्जरलैंड के गोलकीपर यान सोमेर ने ब्राजील को शुरुअती बढ़त नहीं लेने दी। इसके आठ मिनट बाद, स्पेनिश क्लब एफसी बार्सिलोना से खेलने वाले मिडफील्डर कोटिन्हो ने बाक्स के बाहर बाएं छोर से शानदार गोल दागकर ब्राजील को 1-0 से आगे कर दिया। कोटिन्हो के शानदार गोल से ब्राजील के खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा और टीम अपने खेल में अधिक आक्रामकता लेकर आई।
स्विट्जरलैंड ने की बराबरी
दूसरे हाफ की शुरुआत ब्राजील के लिए अच्छी नहीं रही। 50वें मिनट में स्विट्जरलैंड को कॉर्नर मिला और जेरदान शाकिरी की किक पर बेहतरीन हेडर लगाते हुए जुबेर ने अपनी टीम को बराबरी दिला दी। जुबेर के गोल के बाद स्विट्जरलैंड ने ब्राजील पर दबाव बनाया और कोच टिटे को 60वें मिनट में मिडफील्डर कैसिमीरो की जगह इंग्लिश क्लब मैनचेस्टर सिटी से खेलने वाले फर्नाडिन्हो को मैदान पर लाना पड़ा। इस बदलाव के बाद ब्राजील के खिलाड़ी विपक्षी टीम के बॉक्स के पास जगह बनाने में कामयाब रहे।
दोनों टीमों के बढ़त लेने के प्रयास असफल रहे
मैच के 69वें मिनट में कोटिन्हो को बॉक्स अंदर मैच का अपना दूसरा गोल करने का बेहतरीन मौका मिला लेकिन वह गेंद को गोल में नहीं डाल पाए। कोटिन्हो के प्रयास के बाद स्विट्जरलैंड ने अपने अटैक को बेहतर किया। हालांकि, वे बॉक्स के अंदर ब्राजील के डिफेंस को नहीं भेद पाए। नेमार ने 88वें मिनट में हेडर से गोल करके ब्राजील को बढ़त दिलाने की कोशिश की लेकिन वह गेंद को सीधा गोलकीपर सोमेर के हाथों में मार बैठे। दो मिनट बाद स्ट्राइकर राबटरे फिर्मिनो ने हेडर से गोल करने का प्रयास किया लेकिन वह भी सोमेर को भेदने में कामयाब नहीं हो पाए। ब्राजील ग्रुप-ई के अपने अगले मुकाबले में शुक्रवार को कोस्टा रिका से भिड़ेगी जबकि स्विट्जरलैंड का सामना सर्बिया से होगा।
Published on:
18 Jun 2018, 8:28 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.