
नई दिल्ली। जमशेदपुर एफसी आज हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) सीजन-4 में 'यलो आर्मी' नाम से मशहूर केरला ब्लास्टर्स टीम के विजय रथ को रोकने मैदान पर उतरेगा। दोनों टीमों के बीच मैच जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स मैदान में खेला जाएगा।
ब्लास्टर्स ने अपने खेल में सुधारा
केरला ब्लास्टर्स ने अपने खेल में सुधार के साथ आईएसएल-4 के प्लेऑफ सीट की ओर का सफर शुरू कर दिया है। आज का मैच दोनों टीमों के अब तक के सफर के लिहाज से काफी अहम है।ब्लास्टर्स के लिए अचानक ही कई अच्छी बातें सामने आ गई हैं। इस टीम ने अपने पिछले मैच में मुम्बई सिटी एफसी को उसी के घर में 1-0 से हराया था और फिर उसके सबसे बड़े स्टार इयान ह्यूम बीते दो मैचों में चार गोल कर चुके हैं। साथ ही खराब प्रदर्शन के कारण इस्तीफा देने वाले रेने मुलेस्टीन के स्थान पर मुख्य कोच बनाए गए डेविड जेम्स की देखरेख में टीम बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है।
जेम्स अब तक एक भी मैच नहीं हारे हैं
अब देखना रोचक होगा कि जमशेदपुर का डिफेंस केरल की जोरदार अग्रिम पंक्ति को रोक पाता है या नहीं लेकिन यह मैच काफी रोचक होगा क्योंकि जमशेदपुर का खेल उसी मंत्र पर आधारित होगा। जिस मंत्र पर कभी उसके कोच स्टीव कोपेल ने केरल को खेलने के लिए प्रेरित किया था। अगर इस मैच में जमशेदपुर हारता है तो उसके तथा टॉप-4 में शामिल टीमों के बीच का अंतर चार अंकों या उससे अधिक का हो जाएगा। दूसरी ओर, केरल के कोच के तौर पर जेम्स अब तक एक भी मैच नहीं हारे हैं। उनके आने के बाद केरल ने तीन मैच खेले हैं, जिनमें से दो में उसकी जीत हुई है जबकि एक मैच ड्रॉ रहा है। जेम्स ने अपनी टीम के फार्म को लेकर आत्मविश्वास जाहिर किया है।
Published on:
17 Jan 2018, 10:43 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.