
ISL 2018-19: नार्थईस्ट युनाइेटेड ने अपने पहले मैच में गोवा को 2-2 की बराबरी पर रोका
नई दिल्ली। नार्थईस्ट युनाइेटेड एफसी ने बार्थोलोमेव ओग्बेचे के गोल के दम पर सोमवार को इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के सीजन-5 के अपने पहले मैच में एफसी गोवा को 2-2 की बराबरी पर रोक दिया। इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में खेले गए इस मैच में नार्थईस्ट की टीम 1-2 से पिछड़ रही थी, लेकिन ओग्बेचे ने दूसरे हाफ में गोल कर अपनी टीम को बराबरी दिलाई। मैच का पहला गोल भी मेजबान टीम ने किया था लेकिन गोवा के फेरान कोरोमिनास ने पहले हाफ में ही दो गोल कर गोवा को बढ़त दिला दी थी।
धीमी शुरुआत के बाद दागे गए गोल-
मैच की शुरुआत धीमी रही, लेकिन मेजबान टीम गोवा के गोलकीपर मोहम्मद नवाज की बड़ी गलती से पहले गोल करने में सफल रही। नवाज ने बॉक्स के बाहर आकर गलतफहमी में गेंद हाथ से पकड़ ली और मेजबान टीम को आठवें मिनट में फ्री किक मिली जिस पर फेडरिको गालेगो ने बड़ी आसानी से खाली पड़े गोल में गेंद को डाल नार्थईस्ट को 1-0 की बढ़त दिला दी। गोवा को हालांकि वापसी करने में ज्यादा समय नहीं लगा। पिछले सीजन में सबसे ज्यादा गोल करने वाले फरान कोरोमिनास ने इस सीजन में वहीं से शुरुआत की जहां से पिछले सीजन में छोड़ा था। कोरोमिनास ने ही 14वें मिनट में गोवा के लिए बराबरी का गोल किया। इस गोल में उनका साथ जैकीचंद सिंह ने दिया। कोरोमिनास ने मिडफील्ड में गेंद अपने कब्जे में ली और आगे भागते हुए जैकीचंद को पास दिया। भारतीय खिलाड़ी ने इसे गोल के सामने खड़े कोरोमिनसा को वापस क्रास दिया जिसे कोरोमिनास ने नेट में डाल स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
पहले हाफ में गोवा 2-1 से आगे रही-
यहां से गोवा हावी होने लगी थी और उसने लगातार मेजबान टीम के घेरे में आक्रमण किए। मेजबान टीम का डिफेंस कमजोर हो रहा था और कोरोमिनास ने 39वें मिनट में एक और बेहतरीन गोल कर नार्थईस्ट के ऊपर आए दबाव को बढ़ा दिया। बॉक्स के बाहर ह्यूगो बाउमोउस ने अच्छा रन बनाया और फिर गेंद किसी तरह कोरोमिनास को दी। कोरोमिनास के पास गेंद पर नियंत्रण बनाने के लिए पर्याप्त समय था। उन्होंने पूरा समय लेते हुए बॉक्स के बाहर से ही शानदार किक मारते हुए गेंद को गोलपोस्ट में डाल गोवा को 2-1 की बढ़त दिला दी जो पहले हाफ की समाप्ति तक कायम रही।
नार्थईस्ट के दूसरे गोल से मैच बराबरी पर छूटा-
दूसरे हाफ में आने के कुछ देर बाद ही मेजबान टीम ने बराबरी कर ली। मेजबान टीम के लिए दूसरा गोल बर्थडे ब्यॉय ओबेचे ने किया। ओबेचे को कीगन पेरेइरा ने गेंद दी जिन्होंने हेडर के जरिए उसे गोलपोस्ट में डाल अपनी टीम को बराबरी दिलाई। गोल में मदद करने वाले कीगन को 56वें मिनट में येलो कार्ड भी मिला। यहां से दोनों टीमों ने बढ़त लेने के कई प्रयास किए हालांकि सफलता दोनों के हिस्से नहीं आई। मैच के अंतिम पलों में दोनों टीमों के पास गोल करने के कुछ अच्छे मौके भी आए जो अंजाम तक नहीं पहुंच सके।
Updated on:
2 Oct 2018, 12:09 PM IST
Published on:
2 Oct 2018, 12:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.