7 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

ISL-4: अंतिम 2 मिनट में गोल कर हीरो बना ये खिलाड़ी, चेन्नइयन और जमशेदपुर का मैच ड्रॉ

इंडियन सुपर लीग में रविवार को जमशेदपुर और चेन्नइयन के बीच खेला गया मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

नई दिल्ली

•

image

Prabhanshu Ranjan

•

Updated: 19 Feb 2018, 1:31 PM IST

isl

चेन्नई। मोहम्मद रफी ने 88वें मिनट में एक शानदार गोल करते हुए रविवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन के 16वें दौर के मुकाबले में मेजबान चेन्नयन एफसी को जमशेदपुर एफसी के हाथों हार से बचा लिया। रफी स्थानापन्न के तौर पर मैदान पर आए थे। यह मैच 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। दोनों टीमों ने एक-एक अंक बांटे। रफी 78वें मिनट में मैदान पर आए थे और आते ही उन्होंने कमाल कर दिया। रफी ने रेने मिहेलिक के पास पर गोल किया। मिहेलिक 68वें मिनट में स्थानापन्न के तौर पर मैदान पर आए थे।

इस एक अंक के साथ 2015 की चैम्पियन टीम 28 अंकों के साथ तालिका में तीसरे स्थान पर मजबूत हुई है जबकि जमशेदपुर (26) ने पांचवें स्थान पर काबिज केरला ब्लास्टर्स (24) से दो अंक का फासला बना लिया है। वैसे बराबरी के इस मैच के बाद प्लेऑफ की आस लगाए मुम्बई सिटी एफसी, केरला और एफसी गोवा ने राहत की सांस ली होगी।

इस मैच के शुरुआती 25 मिनट में कोई बड़ा हमला नहीं हुआ। दोनों टीमें मौके की तलाश में थीं। मैच का पेस भी धीमा था। 25वें मिनट में हालांकि मेहमान टीम ने एक बड़ा मौका बनाया लेकिन वह नाकाम हो गया।

मेहमान टीम को लगातार हमलों का फायदा 32वें मिनट में मिला, जब वेलिंग्टन प्रीओरी ने एक बेहतरीन गोल करते हुए मेहमानों को आगे कर दिया। प्रीओरी ने 25 गज की दूरी से एक झन्नाटेदार शॉट के माध्यम से यह गोल किया।

यह गोल फ्रीकिक के बाद उपजे हालात का नतीजा था। फ्रीकिक को ठीक के क्लीयर नहीं किया गया और गेंद बॉक्स के बाहर प्रीओरी के पास गिरी, जिस पर उन्होंने कोई गलती नहीं की। यह आईएसएल के इस सीजन का 200वां गोल था।

दूसरे हाफ में मेजबान टीम ने मौके बनाने के प्रयास किए लेकिन हर बार डिफेंस में आंद्रे बिके और कप्तान टिरी ने उसे नाकाम कर दिया। अब तक मेजबान टीम टारगेट पर एक भी शॉट नहीं ले पाए थी।

मेजबान टीम ने 67वें और 68वें मिनट में दो बदलाव किए। जेमी गाविलान को बाहर कर मिहेलिक को अंदर किया गया और बिक्रमजीत सिंह के स्थान पर अनिरुद्ध थापा अंदर आए। इससे चेन्नई को मौके बनने की आस दिखी। हुआ भी ऐसा ही। एक अच्छे हमले में जेरी लालरिंजुआला गोल करने के चूक गए।

मेहमान टीम ने 74वें मिनट में पहला बदलाव किया। त्रिंदादे गोंकाल्वेस को बाहर कर इजु एजुका को अंदर किया गया। 76वें मिनट में मैच के स्टार प्रीओरी को पीला कार्ड मिला। ब्रेक के बाद जमशेदपुर ने बामुश्किल कोई मौका बनाया हो लेकिन चेन्नई की टीम बराबरी के लिए कई अच्छे प्रयास कर चुकी थी। मेजबानों ने 78वें मिनट में अपना अंतिम बदलाव किया और फ्रांसिस्को फर्नादेस के स्थान पर मोहम्मद रफी को अंदर लाए।

रफी के लिए यह मशहूर है कि वह स्थानापन्न के तौर पर हमेशा गोल करते हैं और उन्होने 88वें मिनट में यह साबित भी कर दिखाया। रफी ने मिहेलिक के क्रास पर एक शानदार हेडर के जरिए गोल करते हुए चेन्नई को हार से बचा लिया। उनके इस गोल ने जमशेदपुर को निराश कर दिया, जो तीन अंक लेकर तीसरे स्थान पर जाती दिख रही थी लेकिन अब उसे चौथे स्थान पर ही रहना होगा।