गुवाहाटी। दो बार के उप-विजेता केरला ब्लास्टर्स ने शनिवार को इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में खेले गए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन के अपने 16वें दौर के मैच में मेजबान नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी को 1-0 से मात देते हुए प्लेऑफ में जाने की उम्मीदों को जिंदा रखा है। केरला अगर यह मैच हार जाती तो वह प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो जाती, लेकिन 28वें मिनट में वेस ब्राउन द्वारा किए गए गोल की दम पर केरला ने यह जरूरी जीत हासिल की, लेकिन शीर्ष-4 में जगह बनाने के लिए उसे अपने शेष दो मैच जीतने के साथ-साथ किस्मत के भी सहारे रहना होगा।