
धमाकेदार वापसी करते हुए मैनचेस्टर युनाइटेड ने न्यूकासल को 3-2 से हराया
नई दिल्ली । इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) के आठवें दौर के मुकाबले में शनिवार रात यहां मैनचेस्टर युनाइटेड ने दो गोल से पिछड़ने के बाद धमाकेदार वापसी करते हुए न्यूकासल युनाइटेड को 3-2 से शिकस्त दी। ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में न्यूकासल ने शुरुआती 10 मिनट के अंदर ही दो गोल दागे लेकिन दूसरे हाफ में युनाइटेड ने उच्च स्तरीय खेल दिखाया।
सातवें मिनट में किया पहला गोल
बीबीसी के अनुसार, कयास लगाए जा रहे थे कि मैच के बाद क्लब मुख्य कोच जोसे मोरिन्हो को उनके पद से हटा देगा, लेकिन घरेलू दर्शकों के सामने खिलाड़ियों ने जिस प्रकार का प्रदर्शन किया है उससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि पुर्तगाली कोच अब अपने पद पर बने रहेंगे। मेहमान टीम ने मैच की दमदार शुरुआत की और चेल्सी से लोन पर टीम में शामिल हुए फारवर्ड खिलाड़ी केनेडी ने सातवें मिनट में गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिला दी। इसके तीन मिनट बाद, युनाइटेड के डिफेंस ने बॉक्स में फिर से न्यूकासल के खिलाड़ियों को जगह दी। इस बार योशिनोरी मूटो ने मेहमान टीम के लिए गोल दागा।
आखिरी मिनटों में जीता मैच
खराब शुरुआत के बाद युनाइटेड के खिलाड़ियों ने संयम बतरने की कोशिश की। उन्होंने मैच अधिक समय तक गेंद को अपने नियंत्रण में रखा लेकिन बराबरी का गोल नहीं कर पाए। मोरिन्हो दूसरे हाफ में जुआन माटा और एलेक्सिस सांचेज को मैदान पर लेकर आए जो उनकी टीम के लिए बहुत सफल निर्णय साबित हुआ। मैच के 70वें मिनट में बॉक्स के बाहर दाईं छोर पर मेजबान टीम को फ्री-किक मिली जिसे गोल में डालकर माटा ने अंतर को कम किया। न्यूकासल इस हमले से उबर पाती की 76वें मिनट में फ्रांस के फारवर्ड के खिलाड़ी एंथोनी मार्शियल ने युनाइटेड के लिए बराबरी को गोल दाग दिया। मेजबान टीम के खिलाड़ियों ने अंतिम 10 मिनट में दमदार खेल दिखाया। 90वें मिनट में सांचेज ने हेडर के जरिए युनाइटेड के लिए विजयी गोल किया।
Updated on:
7 Oct 2018, 5:52 PM IST
Published on:
7 Oct 2018, 5:50 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.