
CG News: गरियाबंद जिले के वनांचल क्षेत्र इंदागांव में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट गहराता जा रहा है। यहां ग्रामीण हर दिन बूंद-बूंद पानी के लिए जद्दोजहद करने को मजबूर हैं। गांव में लगे हैंडपंप से भी इन दिनों चूना मिश्रित पानी निकल रहा है। ऐसे में लोग इसी पानी को पीने के लिए मजबूर हैं।
गौरतलब है कि विकासखंड मुख्यालय मैनपुर से करीब 40 किमी दूर नेशनल हाईवे पर बसे इंदागांव गांव की जनसंख्या करीब 3000 है। 700 मकान होंगे। यहां वार्ड 6, कोयला भट्टी पारा में 50 घरों के लिए सिर्फ एक हैंडपंप है। इसी हैंडपंप से पिछले सप्ताहभर से सफेद चूना मिश्रित पानी निकल रहा है। इससे ग्रामीणों की सेहत पर खतरा मंडरा रहा है।
भुंजिया पारा वार्ड 3 में तो हैंडपंप ही नहीं है। वहीं, दंतापारा के लोग कुएं जैसे झरिया का पानी पीने को मजबूर हैं। कई वार्डों में बोरिंग की सुविधा भी नहीं है। नल-जल योजना भी यहां बेमानी साबित हो रही है। कहीं पाइपलाइन बिछी नहीं है, तो कहीं केवल पानी टंकी बनाकर काम अधूरा छोड़ दिया गया है।
ऐसे में गर्मी में ग्रामीणों को शुद्ध पानी मिल पाना मुश्किल नजर आ रहा है। हाल ही में सुसाइड के एक मामले की जांच के दौरान गांव पहुंचे अफसरों के साथ आए तात्कालिक जिला पंचायत सीईओ ने वार्ड 3 और 7 में एक सप्ताह के भीतर बोर कराने का वादा किया था। इस पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने इस गंभीर पेयजल संकट के चलते कलेक्टर, सीईओ समेत संबंधित विभाग से जल्द से जल्द हैंडपंप या बोर कराने की मांग की है।
Updated on:
08 May 2025 12:12 pm
Published on:
08 May 2025 12:12 pm
बड़ी खबरें
View Allगरियाबंद
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
