
security force
(गया): बिहार के गया जिले पर इन दिनों खतरे के बादल मंडराते दिखाई दे रहे है। पहले गया जंक्शन को बम से उड़ा देने की धमकी भरा खत मिला तो आज गया के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में एक जिंदा बम मिलने से हड़कंप मच गया। सुरक्षाबलों ने समय पर पहुंचकर बम को डिफ्यूज कर दिया जिससे बड़ा हमला टल गया।
समय रहते किया बम डिफ्यूज
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पुलिस को गया में दौलपुर और मिठापुर सड़क मार्ग पर बम होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना पाकर पुलिस व बम निरोधक दस्ते ने वहां पहुंचकर खोजबीन शुरू की। डॉग स्क्वायड और मेटल डिटेक्टर की सहायता से जब तलाश की गई तो सुरक्षाबलों के होश उड़ गए। सुरक्षाबलों को वहां पर 10 किलो वजनी कैन बम मिला। सुरक्षाबलों ने तुरंत इस बम को डिफ्यूज किया।
सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की थी योजना
बताया जा रहा है कि यदि इस बम को समय रहते डिफ्यूज नहीं किया गया होता तो इससे बहुत नुकसान हो सकता था। यह भी बताया जा रहा है कि सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए नक्सलियों की ओर से इस बम को यहां प्लांट किया गया था। सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के मनसूबों को नाकाम कर दिया।
जंक्शन को उडाने की भी मिली थी धमकी
बता दें कि बीते दिनों पहले गया जंक्शन के स्टेशन प्रबंधक को एक धमकी भरा पत्र मिला था। इस पत्र में 10 दिन के अंदर 20 लाख रूपए देने की मांग की गई थी और ऐसा नहीं करने पर जंक्शन को बम से उडाने की बात कही गई थी। यह पत्र मिलने के बाद पुलिस को सूचित किया गया। पत्र को बरामद कर पुलिस मामले की जांच में लग गई थी।
Updated on:
29 Oct 2018, 6:01 PM IST
Published on:
29 Oct 2018, 6:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.