गाजियाबाद. लोनी इलाके में रहने वाला एक और युवक दिल्ली में हुए बवाल की भेंट चढ़ गया। 4 दिन बाद युवक का शव उसके परिजनों को मिला, जिसके बाद से उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सोमवार की शाम युवक के शव को उसके परिजनों ने सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।गौरतलब है कि 22 वर्षीय अशरफ उर्फ राजा गाजियाबाद के लोनी इलाके की न्यू सुभाष नगर कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहता था। वह 26 फरवरी को अपने किसी काम से दोस्त के साथ बाइक पर दिल्ली गया था। इसके बाद वह अपने घर वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों से उसे काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई अता-पता नहीं चल पाया। परिवार के लोग रविवार को थाना ट्रॉनिका सिटी पहुंचे। इसके बाद वहां की पुलिस ने उन्हें करावल नगर थाने में जाने के लिए कहा। पुलिस की सलाह के मुताबिक अशरफ के परिजन थाना करावल नगर पहुंचे, जहां पुलिस ने एक युवक के शव का हुलिया उन्हें बताया तो परिजनों ने उसकी शिनाख्त की। पुलिस ने मृतक के परिजनों को बताया कि 27 फरवरी की सुबह पुस्ता मार्ग टोल टैक्स के पास अशरफ उर्फ राजा का शव बरामद हुआ था, जोकि इस वक्त ज़ीटीबी अस्पताल में है।