सहारनपुर. दलितों के उत्थान के लिए काम करने वाली भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर उर्फ रावण के जेल से छूटने के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती को बुआ और खुद को उनका भतीजा कहने पर रविवार को मायावती ने चंद्रशेखर पर जमकर निशाना साधा। गौरतलब है कि जेल से निकलने के बाद भीम आर्मी के संस्थापक रावण ने बसपा सुप्रीमो मायावती को 'बुआ' कहा था। रावण के इसी बयान पर अब मायवती की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। मीडिया को संबोधित करते हुए रविवार को मायावती ने भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर पर निशाना साधा। प्रेस कांफ्रेंस में मायावती ने कहा कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए लोग मुझसे रिश्ता बनाने की कोशिश कर रहे हैं। बसपा मुखिया ने दो टूक कहा कि उनका किसी के साथ भाई-बहन या बुआ-भतीजे का रिश्ता नहीं है। सहारनपुर हिंसा में आरोपी चंद्रशेखर मुझसे रिश्ता दिखा रहा है, जबकि सच्चाई ये है कि मेरा सिर्फ गरीबों से रिश्ता है। ऐसे किसी व्यक्ति से मेरा रिश्ता नहीं है, जो समाज में ऐसा काम करते हैं।