
एसीपी आलोक दुबे
गाजियाबाद पुलिस ने एक बड़ा खुलासा किया है। पुलिस को नंदग्राम इलाके में 3 मार्च को एक व्यक्ति की आत्महत्या की सूचना मिली थी। जांच के बाद खुलासा किया कि उस व्यक्ति ने आत्महत्या नहीं की थी। बल्कि उसकी हत्या की गई थी। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है।
आत्महत्या की सुनाई थी झूठी कहानी
एसीपी आलोक दुबे ने बताया, “महिला ने प्रेमी से अपने पति की हत्या करवाई थी। इसके बाद पुलिस को उसकी आत्महत्या की झूठी कहानी सुनाई थी। कपिल कुमार मेरठ के फलावदा कस्बा का रहने वाला था। वह इस समय गाजियाबाद के नंदग्राम ई-ब्लॉक में परिवार के साथ कुंदन रावत के मकान में किराए पर रहता था।”
एसीपी आलोक दुबे ने बताया,“वह पिकअप वाहन चलाता था। 3 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि कपिल ने कनपटी में गोली मारकर खुदकुशी कर ली है। इस मामले में परिजन ने मकान मालिक के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने की शिकायत की थी।”
आर्थिक तंगी के चलते कपिल ने किया सुसाइड
एसीपी आलोक दुबे ने बताया, “आरोप ये लगाया था कि आर्थिक तंगी के चलते कपिल मकान का किराया नहीं दे पा रहा था। इसे लेकर वो तनाव में रहता था, इस वजह से उसने गोली मारकर सुसाइड कर लिया है।
एसीपी आलोक दुबे ने बताया, “शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। इसमें पता चला कि कनपटी में गोली बाईं तरफ से घुसकर दाईं तरफ पार हुई है। जबकि, कपिल राइट हैंडर था। यानी कपिल अगर सुसाइड करता तो गोली दाईं तरफ से घुसकर बाईं तरफ से पार होती।”
बॉयफ्रेंड संग मिलकर हत्याकांड को दिया अंजाम
एसीपी आलोक दुबे ने बताया, “पुलिस को शक हुआ की यह सुसाइड नहीं बल्कि हत्या की गई है। इसके बाद आगे की जांच-पड़ताल शुरू की गई। पुलिस को जांच में पता चला कि मृतक की पत्नी शिवानी उर्फ सीमा ने ही अपने बॉयफ्रेंड अंकुश प्रजापति संग मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ हुई तो दोनों ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है।”
पुलिस ने जब अंकुश प्रजापति से पूछताछ की, तो उसने बताया, “वो कपिल के घर के पास ही मोबाइल रिपेयरिंग की शॉप चलाता है। यहां शिवानी उर्फ सीमा अक्सर मोबाइल रिचार्ज कराने आती थी। शिवानी ने बताया कि उसका पति काफी शराब पीता है और उसे बहुत मारता पीटता है खर्चे के लिए पैसे भी नहीं देता है।”
पति को रास्ते से हटाने की बनाई प्लान
अंकुश ने बताया, “इस बात को लेकर शिवानी से बातचीत शुरू हुई और प्रेम-प्रसंग हो गए। इसके बाद दोनों ने कपिल को रास्ते से हटाने की प्लानिंग बनाई। शिवानी ने ही बताया कि उसका पति घर पर एक तमंचा रखता है। इतना ही नहीं, शिवानी ने ही तमंचा चलाना भी सिखाया।”
अंकुश ने आगे बताया, “2 मार्च की रात शिवानी ने दूध में नशे की गोलियां मिलाकर पति को सुला दिया। इसके बाद शिवानी ने फोन करके मुझे घर पर बुलाया। फिर मैंने सोते हुए कपिल की कनपटी में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। फिर अपने घर चला गया। अगली सुबह शिवानी ने सबको पति के खुदकुशी करने की कहानी बताई।”
Updated on:
21 Mar 2023, 4:58 PM IST
Published on:
21 Mar 2023, 4:22 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.