
कोरोना वायरस के मामले यूरोप में लगातार बढ़ रहे हैं।
गाजियाबाद. कोरोना वायरस से पीड़ित शख्स की पत्नी की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है। वहीं उनकी बेटे की रिपोर्ट आने का अभी इंतजार है। बता दें कि यह महिला उसी शख्स की पत्नी है, जो राजनगर एक्सटेंशन में अपनी पत्नी और बेटे के साथ रह रहे थे और तेहरान से लौटे थे। उन्हें पहले ही कोरोना वायरस होने की पुष्टि हो चुकी है। उनका इलाज राम मनोहर लोहिया अस्पताल में चल रहा है। फिलहाल उनकी सेहत में भी सुधार बताया जा रहा है।
दरअसल, गाजियाबाद में अभी तक कुल 29 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इनमें से अभी तक 14 मरीजों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। जबकि एक मरीज कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया है। फिलहाल 14 लोगों की रिपोर्ट आना अभी बाकी है। इसकी पुष्टि गाजियाबाद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी नरेंद्र कुमार ने की है। उन्होंने बताया कि प्रशासन कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए तमाम योजनाओं पर कार्य कर रहा है।
उन्होंने बताया कि रविवार देर रात राजनगर एक्सटेंशन में एंटी वायरस दवा का छिड़काव किया गया है। वहीं लोगों को लगातार जागरूक भी किया जा रहा है और सलाह दी जा रही है कि वे ज्यादा भीड़भाड़ वाले इलाके में जाने से बचें। अगर जाएं भी तो मुंह पर मास्क लगाकर रखें। इसके साथ ही साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। आंख-नाक-मुंह पर बार-बार हाथ नही लगाएं और सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें। इसके अलावा ब्रांडेड कंपनी की साबुन से हाथ में धोए तो कोरोना वायरस से बचा जा सकता है।
Published on:
9 Mar 2020, 12:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.