गाजियाबाद। शनिवार की सुबह 3.18 बजे जैन मुनि तरुण सागर जी महाराज का निधन हो गया। वह 51 वर्ष के थे। जैन मुनि पीलिया से पीड़ित थे। उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन जब उन्हें सुधार नजर नहीं आया तो उन्होंने इलाज कराना बंद कर दिया था।इसके आद उन्होंने कृष्णानगर स्थित राधापुरी जैन मंदिर चातुर्मास स्थल पर जाने का निर्णय लिया था, जहां उन्होंने शनिवार को सुबह 3.18 बजे अंतिम सांस ली। शनिवार दोपहर तीन बजे गाजियाबाद के मुरादनगर में तरुणसागरम तीर्थ पर उन्हें समाधि दी जाएगी। जैन मुनि तरुण सागर जी महाराज की अंतिम यात्रा दिल्ली के राधेपुर से शुरू होगी आैर यहां तरुणसागरम तक जाएगी। जैन मुनि के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया कि मुनि तरुण सागर जी महाराज के असमय निधन से गहरा दुख हुआ है। उनके ऊंचे आदर्शों और समाज के प्रति योगदान के लिए हम उन्हें हमेशा याद रखेंगे। उनके विचार लोगों को प्रेरणा देते रहेंगे। जैन समुदाय और उनके असंख्य अनुयायियों के प्रति मेरी संवेदना है।