ऐसा ही एक मामला गाजियाबाद में देखने को मिला है। हाल ही लोगों ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर आवारा कुत्तों की शिकायत की थी। इसके जवाब में पीने के पानी के समाधान का मैसेज भेज दिया गया। दरअसल, पिछले सप्ताह शालीमार गार्डन की ए ब्लॉक की विजय पार्क सोसायटी में आवारा कुत्तों की समस्या काफी बढ़ गई है। 1 फरवरी को वहां के रहने वाले गोपाल ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर इसकी शिकायत की थी। इसमें लिखा गया कि सोसायटी में आवारा कुत्तों की संख्या बहुत बढ़ गई है। ये कुत्ते आए दिन लोगों पर झपटते है। इसमें कई लोग घायल भी हो चुके हैं। कुत्तों के डर से कई दोपहिया सवार गिर चुके हैं। कॉलोनी के मंदिर के पास चौक पर कुत्तों का झुंड घूमता रहता है, जिससे निवासियों का इस चौक से निकलना तक दूभर हो गया है। उन्होंने मांग की कि समस्या पर ध्यान देते हुए नियम अनुसार इसका समाधान कराया जाए।