गाजियाबाद. कोरोना वायरस को गंभीरता से लेते हुए सरकार ने गाजियाबाद को पूरी तरह लॉगडाउन कर दिया है। इस दौरान रेहड़ी-पटरी, रिक्शा और ठेले वालों को अपने परिवार के भरण-पोषण में बड़ी परेशानी होने की आशंका जताई जा रही है। इन लोगों की परेशानी को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐलान किया था कि इनके भरण-पोषण के लिए प्रतिमाह 1000 की धनराशि इनके खाते में पहुंचाई जाएगी। मुख्यमंत्री के ऐलान को अमली जामा पहनाने के लिए प्रशासन पूरी तैयारी में जुट गया है। जिले के सभी रेहड़ी-पटरी, रिक्शा और ठेले वालों का डाटा तैयार किया जा रहा है, ताकि ऐसे लोगों को आर्थिक मदद पहुंचाई जा सके। इसके लिए नगर निगम ने बाकायदा एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है, जो 27 मार्च तक पूरा डाटा तैयारकर सरकार को उपलब्ध कराएगा।