प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा व्यवस्था में दो हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें डीसीपी, एसीपी, इंस्पेक्टर, दरोगा और महिला पुलिस अधिकारी व कर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं प्रधानमंत्री के प्रस्तावित मार्ग व कार्यक्रम स्थल के आसपास चप्पे-चप्पे पर पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। शनिवार को साहिबाबाद मेट्रो स्टेशन तक फुल ड्रेस रिहर्सल से लेकर स्टेशन पर सुरक्षा उपकरणों को लगवाने और ड्यूटी स्पॉट चिन्हित करने तक की तैयारियों को पूरा किया गया। एसपीजी के साथ मिलकर डीएम गाजियाबाद, कमिश्नर, एडीसीपी, डीसीपी टीएचए और एसीपी साहिबाबाद समेत तमाम अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था का दिनभर जायजा लेते रहे। शनिवार सुबह करीब 10 बजे एसपीजी के साथ जिला पुलिस ने हिंडन एयरफोर्स से लेकर साहिबाबाद मेट्रो स्टेशन तक फुल ड्रेस रिहर्सल की। एसपीजी और यूपीएसएसएफ के साथ सभी अधिकारियों ने पूरी सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।