इसके बाद 29 नवंबर 2005 बजरंगी ने गाजीपुर के मोहम्मदाबाद सीट से भाजपा के बाहुबली विधायक कृष्णनंद राय की हत्या की हत्या कर दी। बजरंगी के हाथों ये दूसरे भाजपा नेता की हत्या थी। आरोप के मुताबिक उस वक्त एके-47 से मुन्ना बजरंगी और उसके साथियों ने कृष्णानंद के काफिले पर करीब चार सौ राउंड गोलियां चलाईं थीं। इस हमले में विधायक सहित उनके छह सहयोगी मारे गए थे। बताया जाता है कि जब पोस्टमार्टम हुआ था,तब मृतकों के शरीर से 50 से लेकर 100 गोलियां निकलीं थीं। इस घटना के बाद मुन्ना बजरंगी खौफ पैदा करने के साथ ही खुद भी खौफ में आ गया था। दरअसल, भाजपा विधायक की हत्या में नाम सामने आने के बाद मुन्ना बजरंगी को एनकाउंटर का खौफ सताता रहा। ऐसा कहा जाता है कि इससे बचने के लिए उसने खुद यूपी की बजाए दिल्ली पुलिस के सामने सरेंडर की शर्त रखी। खास बात ये है कि उस वक्त दिल्ली पुलिस को भी एक एनकाउंटर स्पेशलिस्ट की हत्या में उसकी तलाश थी। मुंबई में उसने 2009 में पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। उसे नाटकीय ढंग से पुलिस ने गिरफ्तारी दिखाई। जिसके बाद उसे यूपी पुलिस ने कस्टडी में लिया, तब से विभिन्न जेलों में रहने के दौरान वह अलग-अलग मुकदमों में अदालतों में पेश होता रहा। अब यह एक संयोग ही है कि भाजपा के दो न्ताओं के हत्या के आरोपी रहे बजरंगी की भाजपा सरकार को दौरान ही जेल में हत्या हो गई है।