
गाजियाबाद. नगर निगम के चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। सभी राजनीतिक दलों में मेयर और पार्षदों की दावेदारी के लिए इंटरव्यू का दौर चल रहा है। गाजियाबाद में भाजपा और सपा दोनों दलों में इस बार चुनाव को लेकर जोर-शोर से तैयारी की जा रही है। यहां महिला सीट होने की वजह से मुकाबला पहले से और भी कड़ा हो गया है। इसी के चलते समाजवादी पार्टी भी सोच-समझ कर मेयर का प्रत्याशी घोषित करना चाहती है।
सपा के मेयर पद के दावेदारों की लिस्ट में शिक्षाविद् ऋचा सूद का नाम भी प्राथमिकता से सामने आ रहा है। बताया जाता है कि दिल्ली से सूद के लिए वाइल्ड कार्ड एंट्री कराई गई है। ये एंट्री भी किसी और ने नहीं बल्कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के चाचा और पार्टी के प्रवक्ता रामगोपाल यादव की तरफ से की गई है। हालांकि अधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है, दोनों प्रभारियों का कहना है कि बायोडाटा गाजियाबाद में ही दिया गया है।
सपा में होगी प्रबल दावेदारी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ कद्दावर नेता रामगोपाल यादव ने ऋचा सूद को मेयर प्रत्याशी बनाए जाने के लिए गाजियाबाद से जिला और महानगर के प्रभारी रामकिशोर अग्रवाल और जेपी कश्यप को अपने आवास पर बुलाया और वहां पर ऋचा सूद के बायोडाटा को दिलवाया गया। इसलिए इसे चुनाव में उनकी प्रबल दावेदारी के तौर पर देखा जा रहा है।
अपहरण के मामले में चर्चा में आया था नाम
बता दें कि इससे पहले ऋचा सूद और उनके स्कूल रॉयल किड्स का नाम चर्चा का विषय बना था। जब वीवीआईपी अपार्टमेंट में रहने वाले कारोबारी जयकरण के बेटे का अपहरण हो गया था। अपहरणकर्ता की मां ऋचा सूद के स्कूल में काम करती थी। बच्चे को वहीं पर किडनैप करके रखा गया था। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बच्चे को सकुशल बरामद किया था। इस मामले में ऋचा सूद से भी पूछताछ की गई थी।
Published on:
25 Oct 2017, 12:55 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.