होली के त्यौहार पर मिलावटखोर मिठाईयों में मिलावट का रंग घोलने की कोशिश कर रहे हैं। यही नहीं सफेद पनीर में मिलावट का काला जहर भी घोला जा रहा है। गाजियाबाद में पुराने बस अड्डे के पास सब्जी मंडी पर फूड और सेफ्टी विभाग ने दुकानों पर छापा मारा। यहां से लाखों रुपए कीमत का पनीर और मावा बरामद किया गया है। इसके नकली होने का शक है। हालांकि कुछ ही दुकानों और स्टोर से यह माल बरामद किया जा सका। क्योंकि फूड सेफ्टी विभाग के छापे से पहले ही कई दुकानदार और स्टोर कीपर अपना माल लेकर मौके से फरार होने में कामयाब रहे। इनके अलावा अन्य दुकानों से फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने सैंपल लिए हैं और उन्हें जांच के लिए भेज दिया है। फूड और सेफ्टी विभाग का कहना है कि सीधे उत्तर प्रदेश सरकार से सूचना मिली थी कि नकली और मिलावटी मावा और पनीर सब्जी मंडी में मौजूद है।