
गाजियाबाद. कुछ जमातियों के खुद ही पुलिस के पास पहुंचनेे का मामला सामने आया है। दरअसल, तीन जमाती खुद ही विजय नगर थाने में पहुंच गए और कहने लगे कि हम सभी के कोरोना टेस्ट करवाओ, क्योंकि हम भी जमाती हैं। इसके लिए इन तीनों जमातियों ने बाकायदा पुलिस को फोन कर सूचना भी दी। पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके पर बुलाकर तीनों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। बता दें कि सीएम योगी ने जिलों के वरिष्ठ पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा था कि तबलीगी जमात से जुड़े बहुत से लोग अभी भी छिपे हैं। इन्हें तलाश किया जा रहा है। ऐसे लोगों से अपील है कि वे खुद ही आगे आकर अपनी जांच कराएं।
गाजियाबाद के विजय नगर थानाध्यक्ष नागेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस को सुदामापुरी इलाके में रहने वाले नियाज नाम के एक युवक का फोन आया था। उसने बताया कि वह और उसके दो अन्य साथी बिजनौर जमात में गए थे। वह जमाती हैं और वह अपना मेडिकल परीक्षण कराना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर तत्काल प्रभाव से स्वास्थ्य विभाग को सूचित किया गया और तीनों को ही मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया हालांकि इन तीनों में कोविड-19 वायरस जैसे कोई लक्षण नहीं पाए गए, लेकिन फिर भी तीनों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
वहीं इन जमातियों में से नियाज नाम के युवक ने बताया कि वह थाना विजय नगर इलाके की सुदामापुरी कॉलोनी में रहते हैं। वह खुद और उसके दो साथी मरकज मस्जिद में नहीं गए थे, लेकिन बिजनौर जमात में गए थे। वे लोग लगातार ये खबरें पढ़ रहे हैं कि जमाती खुद जाकर सरेंडर करें और अपना परीक्षण कराएं। इसलिए उन्होंने भी अपना मेडिकल कराए जाने के लिए विजय नगर पुलिस को फोन किया है और यह तीनों अपना मेडिकल परीक्षण कराना चाहते हैं।
Published on:
8 Apr 2020, 4:36 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.