
गाजियाबाद।यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा का परिणाम रविवार को घोषित हो गया। अवकाश होने के बावजूद छात्र व छात्राओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। सुबह से ही कॉलेज के गेट पर भीड़ जमा हो गई थी। जनपद में यूपी बोर्ड में इस बार हाईस्कूल में कुल 27843 ने परीक्षा दी, जिनमें 15154 छात्र और 12689 छात्राएं शामिल हैं। इसके अलावा इंटर की कुल 23445 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी, जिनमें से 12206 छात्र और 11239 छात्राएं शामिल रहीं। गाजियाबाद में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली ऐश्वर्या गोले ने परीक्षा में 88.4 प्रतिशत अंक हासिल करते हुए जनपद में टॉप किया है।
सुबह से ही साइबर कैफे पहुंच गए स्टूडेंट्स
रविवार सुबह से ही गाजियाबाद में छात्र-छात्राएं अपने परिणाम को देखने के लिए साइबर कैफे और कॉलेज के गेट पर पहुंच गए।सबसे पहले 12वीं कक्षा का परिणाम सामने आया। इसमें छात्राओं ने गाजियाबाद में बाजी मारी। अंक प्रतिशत और कुल संख्या में भी छात्राएं ही सबसे ज्यादा आगे रही हैं।
जिसने जैसी पढ़ाई की, उसे वैसे नंबर मिले
गाजियाबाद में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली ऐश्वर्या गोले ने जनपद में टॉप किया है। वह विजय नगर राज्य बालिका विद्यालय की छात्रा हैं। ऐश्वर्या ने परीक्षा में 88.4 फीसदी यानी 500/443 अंक हासिल किए हैं। ऐश्वर्या गोले के पिता टेलर मास्टर हैं। उन्होंने अपने अथक प्रयासों के बावजूद ऐश्वर्या गोले की पढ़ाई जारी रखी थी। इतने अच्छे अंक पाने के बाद ऐश्वर्या गोले का कहना है कि इस बार सुना गया था कि परिणाम ठीक नहीं आएंगे लेकिन ऐसा कुछ नहीं है। जिन छात्र-छात्राओं ने जिस तरह की पढ़ाई की है, उसे उसके हिसाब से अंक हासिल हुए हैं।
अध्यापिकाओं ने बांटी मिठाइयां
उनके अलावा अन्य छात्राओं का यही कहना है कि जिस तरह उनके माता-पिता ने उन्हें पढ़ाया है, वे उनका सपना साकार करने का प्रयास करेंगी। इस अवसर पर छात्राओं और उनके परिजनों के अलावा उनकी अध्यापिकाओं ने भी मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की। छात्र-छात्राओं के अलावा उनके अध्यापक और माता-पिता भी बेहद खुश दिखाई दिए।
Published on:
29 Apr 2018, 4:07 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.