
गाजियाबाद. एलिवेटेड रोड पर तीन दोस्तों को तेज रफ्तार में बुलेट बाइक पर वीडियो बनाना उस वक्त महंगा पड़ गया, जब बाइक अचानक डिवाइडर से जा टकरा गई। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में सड़क पर चल रहे लोगों ने इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि दोनों घायल युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के खिचड़ीपुर में रहने वाले विवेक, अजय और हिमांशु आपस में तीनों दोस्त हैं। तीनों ही होली पर मंगलवार देर शाम बगैर हेलमेट लगाए एक ही बुलेट बाइक पर सवार होकर राजनगर एक्सटेंशन वाली एलिवेटेड रोड पर गाजियाबाद की तरफ आ रहे थे। बताया जा रहा है कि तीनों चलती बाइक पर ही वीडियो बना रहे थे। इसी बीच उनकी बाइक अचानक हज हाउस के पास एलिवेटेड रोड के डिवाइडर से जा टकराई। इस हादसे में विवेक नाम के युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अजय और हिमांशु गंभीर रूप से घायल हो गए।
जैसे ही यह दर्दनाक हादसा हुआ तो सड़क पर चल रहे अन्य लोग मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना आनन-फानन में स्थानीय पुलिस को दी। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक विवेक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दोनों घायल युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही तीनों के परिजनों को सूचित किया जैसे ही परिजनों ने इस हादसे के बारे में सुना तो वह भी तत्काल में मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तीनों ही युवक बगैर हेलमेट के थे और एक ही मोटरसाइकिल पर तीनों सवार थे। सड़क पर चलती हुई बाइक पर अपने मोबाइल से वीडियो बना रहे थे, जिसके चलते यह हादसा हुआ है।
Published on:
12 Mar 2020 12:42 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
