
गोरखपुर। कहते हैं कि राजनीति में न तो कोई स्थायी दोस्त होता है न ही कोई दुश्मन। यही नहीं राजनीति में हर मुलाकात और बात के कुछ मायने भी जरूर होते हैं। समाजवादी पार्टी में शिवपाल यादव फिर से सक्रिय हो गए हैं तो भाजपा से गोरखपुर से अजेय विधायक डाॅ.राधामोहन दास अग्रवाल को अपनी सरकार में भी बड़ी जिम्मेदारी का इंतजार है। शनिवार को नेपाल की यात्रा पर गए पीएम मोदी, अयोध्या पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ के अलावा राजनैतिक गलियारे में एक फोटो की सबसे अधिक चर्चा रही वह है बीजेपी विधायक डाॅ.राधा मोहन दास अग्रवाल और सपा नेता शिवपाल यादव की मुलाकात।
सपा में सक्रिय होने के बाद गोरखपुर क्षेत्र में शुक्रवार को पूर्व मंत्री शिवपाल यादव पहुंचे थे। कई कार्यक्रमों में शिरकत करने के बाद वह बीजेपी के सदर विधायक डाॅ.राधा मोहन दास अग्रवाल से भी मिले। खुद सदर विधायक डाॅ.राधामोहन दास अग्रवाल ने अपने फेसबुक पेज पर मुलाकात के क्षणों की फोटो शेयर की है। उन्होंने लिखा भी है कि सपा नेता शिवपाल सिंह यादव गोरखपुर में एक वैवाहिक कार्यक्रम में गोरखपुर आए थे। मुलाकात हुई। अगले दिन लखनउ रवाना होने के पहले मेरे घर भी आए थे।
इस मुलाकात के दौरान शिवपाल यादव ने बीजेपी के सदर विधायक के घर नाश्ता भी किया।
उनके साथ बाहुबली पूर्व मंत्री अमर मणि त्रिपाठी के भाई अजीत मणि त्रिपाठी व पूर्व प्रवक्ता दीपक मिश्र भी थे। इस मुलाकात के कई निहितार्थ निकाले जा रहे हैं। राजनैतिक गलियारे में तरह-तरह की चर्चाएं भी है।
हालांकि, बीजेपी के सदर विधायक आरएमडी के घर सपा नेता शिवपाल के पहुंचने की तस्वीरें शेयर होने के बाद सोशल मीडिया पर बहस भी शुरू हो चुका है। कोई इसके राजनैतिक निहितार्थ निकाल रहा तो कोई इसको राजनैतिक परिपक्कता की मिसाल दे रहा। सदर विधायक ने भी इस बहस-मुहाबिसों के बीच फेसबुक पर ही विरोधियों को जवाब दिया है कि वह राजनैतिक अस्पृश्यता में विश्वास नहीं रखते। उन्होंने लिखा है कि गोरखपुर के लोग उनके बारे में भलीभांति जानते हैं।
Published on:
12 May 2018 08:35 pm
बड़ी खबरें
View Allगोरखपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
