गुरुवार को मेडिकल काॅलेज की ओर भाजपा के शहर विधायक डाॅ.आरएमडी अग्रवाल लोगों से मिलने उस तरफ निकले थे। कुछ लोगों से मिलकर वह रात में डाॅ.बीबी गुप्ता के घर जा रहे थे कि मेडिकल रोड पर उनकी कार भी धंस गई। काफी मशक्कत के बाद भी कार नहीं निकल सकी तो गुस्साएं माननीय ने पुलिस व पीडब्ल्यूडी अफसरों को फोन लगाया। मदद को पहुंची पुलिस व वहां के लोगों ने मदद कर गाड़ी टोचन कर बाहर निकलवाया। नगर विधायक ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की क्लास लगाई और मुख्यमंत्री तक यह शिकायत पहुंचाई। विधायक के गुस्से को देखते हुए लोकनिर्माण विभाग सक्रिय हुआ। तत्काल जेसीबी लगवाकर सड़़क को दुरुस्त कराना शुरू किया ताकि चलने लायक बन सके।
बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण का ठेका विधायक उमाशंकर सिंह के पास है। हालांकि, नगर विधायक ने संकेत दिया है कि लोगों को हो रही दिक्कतों को देखते हुए संबंधित ठेकेदार पर एफआईआर भी दर्ज कराएंगे।
विधायक का कहना है कि जानबूझकर विभाग व ठेकेदारों की मिलीभगत से प्रोजेक्ट में देरी की जाती है ताकि लागत बढ़े। पीडब्ल्यूडी ने शहर के लोगों का जीवन नारकीय बना रखा है। पहले सड़क निर्माण में देरी हुई, अब गुणवत्ता से खिलवाड़ किया जा रहा है।