गोरखपुर। आरएलडी के युवराज जयंत चौधरी द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर की गई टिप्पणी से हिंदूवादी संगठनों में खासा उबाल है। गोरखपुर में हिंदूवादी संगठनों ने आरएलडी नेता के बयान की निंदा करते हुए जयंत चौधरी का पुतला फूंक कर अपने गुस्से को जताया। कार्यकर्ता जयंत चौधरी के खिलाफ नारेबाजी करने के साथ उन पर केस दर्ज करने की भी मांग कर रहे थे।
महानगर में शिव राष्ट्र सेना के ढेर सारे कार्यकर्ता शुक्रवार को शहर में एकत्र हुए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर राष्ट्रीय लोकदल के महासचिव जयंत चौधरी द्वारा की गई विवादित टिप्पणी पर ऐतराज जताते हुए जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। जुलूस की शक्ल में निकले कार्यकर्ताओं ने शहर में जयंत चैधरी का पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया।
इस दौरान ढेर सारे कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
बता दें कि कैराना में चुनाव प्रचार के दौरान आरएलडी नेता जयंत चौधरी ने कहा था कि योगी जी यह पश्चिम है। यहां कोई अंगुलियां दिखाता है तो जनता तोड़ने का काम करती हैं। जयंत चौधरी के इस बयान के बाद योगी समर्थक खासे नाराज हैं। इस बयान के बाद जयंत चौधरी का हिंदूवादी संगठन विरोध शुरू कर दिए हैं।