
जानिए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कैसे मनाया दशहरा, गोरखनाथ मंदिर में क्या-क्या कार्यक्रम हुए
विजयदशमी का पारंपरिक पूजन अनुष्ठान शुक्रवार को पूरे विधिविधान के साथ संपन्न हुआ। गोरखनाथ मंदिर में गोरक्षपीठाधीश्वर के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीनाथ की पूजा और परंपरागत अनुष्ठान को पूर्ण कराया। दोपहर में पीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ को तिलक लगाकर आम से लेकर खास ने आशीर्वाद लिया। फिर शाम को विशेष रथ पर सवार हो गोरक्ष पीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ विजय शोभायात्रा में निकले। रामलीला मैदान में पहुंच कर योगी आदित्यनाथ ने भगवान श्रीराम का तिलकोत्सव किया। इसके बाद रावण दहन हुआ।
शारदीय नवरात्रि संपन्न होने के बाद विजयदशमी के मौके पर शुक्रवार की सुबह गोरक्ष पीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ खास परिधान में बाहर आये। मंदिर परिसर में सबसे पहले शस्त्र यात्रा निकली। हाथों में भाला लिए नाथ पंथ के साधु-सन्यासी निकले। इसके बाद श्रीनाथ जी का विशेष पूजन किया गया। गोरक्ष पीठाधीश्वर ने पूजन को संपन्न कराया। सुबह नौ बजे से शुरू हुए इस विशेष पूजन अर्चन में साधु-संत सम्मिलित हुए। पूरे विधिविधान से योगी आदित्यनाथ ने श्रीनाथ मंदिर में विशेष पूजन किया।
नाथ बाबा की पूजन के बाद मंदिर के समस्त देवी-देवताओं की पूजा की गई। इसके बाद मंदिर में स्थापित संत-महंतों की विग्रहों की पूजा महन्त आदित्यनाथ ने की। गौशाला में गौपूजन संपन्न होने के बाद मंदिर परिसर के सभागार में परंपरागत तिलकोत्सव की शुरुआत की गई। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। चारों तरफ ढोल नगाड़े बज रहे थे। हर ओर उत्सव का माहौल था।
करीब सवा एक बजे से तिलकोत्सव कार्यक्रम शुरू हुआ। सबसे पहले साधु-सन्यासियों ने तिलक लगाकर आशीर्वाद लिया। गोरक्ष पीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने सबको तिलक कर दूब-अक्षत से उनको आशीर्वाद दिया।
शाम को निकली विजय यात्रा
विशेष रथ पर सवार होकर गोरक्ष पीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ परंपरागत परिधान में निकले। करीब एक किलोमीटर की इस रथयात्रा में सड़क के दोनों तरफ हजारों की भीड़ जयकारे लगा रही थी। यात्रा पुराने गोरखनाथ स्थित मानसरोवर मंदिर पहुंची। यहां पर भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम, लक्ष्मण, भगवती सीता, रामभक्त हनुमान की विधिवत पूजा उनके द्वारा की गई। देर शाम को यह रथयात्रा अंधियारीबाग स्थित रामलीला मैदान पहुंची। यहां गोरक्ष पीठाधीश्वर के रूप में योगी आदित्यनाथ ने रामलीला में मर्यादा पुरुषोत्तम राम, सीता, लक्ष्मण व हनुमान का तिलक कर आरती की।
हुआ कलश विसर्जन
रामलीला मैदान में रावण दहन के बाद मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित किया। यहां से यात्रा वापस मंदिर परिसर पहुंची। गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने शक्ति मंदिर में स्थापित कलश का विसर्जन किया। रात में हर साल की तरह मंदिर में सहभोज भंडारे में हर वर्ग ने प्रसाद ग्रहण किया। महन्त योगी आदित्यनाथ ने भी पारण किया।
चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे सुरक्षाकर्मी
सीएम की सुरक्षा के लिए पूरे क्षेत्र को तीन जोन में बांट दिया गया था। प्रत्येक जोन की सुरक्षा की कमान एक एएसपी को सौंपी गई थी। प्रत्येक जोन में सात क्षेत्राधिकारी, एक दर्जन थानेदार/इंस्पेक्टर, करीब 100 दारोगा, 350 सिपाही को तैनात किया गया था। 32 महिला सिपाहियों की भी ड्यूटी लगाई गई थी। इसके अलावा हर जोन में एक कंपनी रैपिड एक्शन फोर्स व दो कंपनी पीएसी लगाई गई थी। मुख्यमंत्री के आसपास उनका खास सुरक्षा दस्ता भी पूरी तरह से मुस्तैद था। जुलूस के रास्ते व आसपास की निगरानी के लिए तकनीक का भी खूब इस्तेमाल किया गया। रास्तों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। ड्रोन से पूरे एरिया पर कड़ी नजर भी कंट्रोल रूम से रखी गई। खुद एडीजी, आईजी, एसएसपी अपने मातहतों संग निगहबानी कर रहे थे।
Published on:
19 Oct 2018 09:59 pm
बड़ी खबरें
View Allगोरखपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
