
गोरखपुर। ट्रेन यात्रियों और राहगीरों को डंडा मार ध्यान भटकाकर मोबाइल छिनैती करने वाले एक गिरोह को पकड़ने में पुलिस को कामयाबी मिली है। पुलिस के हत्थे चढ़े दो अभियुक्तों से 13 मोबाइल भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार हुए दोनों अभियुक्त गोरखपुर जिले के ही निवासी हैं।
गोरखनाथ पुलिस ने इस कामयाबी की जानकारी शनिवार को दी।
ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों और राहगीरों से लगातार मोबाइल, धन आदि की छिनैती की घटनाएं सामने आ रहीं थीं। इन घटनाओं में शामिल बदमाश लोगों को डंडा मारकर घटना को अंजाम देते हैं।
लगातार आ रही इस तरह की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सत्यार्थ अनिरूद्ध पंकज ने ऐसे गिरोह पर अंकुश करने का निर्देश दिया था। जिले के थाने के पुलिसकर्मियों ने टीम बनाकर इसकी जांच-पड़ताल शुरू की। इन्हें पकड़ने को जाल बिछाया गया और मुखबिरों को भी इनकी जानकारी लेने को निर्देशित किया गया।
शनिवार को मुखबिर ने सूचना दी कि ट्रेनों और राहगीरों से मोबाइल छिनने वाले गिरोह के दो सदस्य बौलिया रेलवे कॉलोनी से निकले हैं। जटेपुर रेलवे क्रासिंग की ओर बढ़ रहे हैं। इसके बाद गोरखनाथ थाना की सक्रिय पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताए गए लोकेशन की ओर रुख किया। यहां कुछ देर इंतजार करने के बाद ही दो व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने इन्हें रोका और पूछताछ के बाद तलाशी लेनी शुरू की। इनके पास से विभिन्न कंपनियों कर 13 मोबाइल बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने आईपीसी की सुसंगत धाराओं में निरुद्ध कर जेल भेज दिया है।
इनकी हुई गिरफ्तारी
पकड़े गये अभ्युक्तो में एक सादाब पुत्र मुनव्वर, निवासी जटेपुर, कालू मंदिर थाना गोरखनाथ और दूसरा राहुल यादव पुत्र चंद्रभान यादव, निवासी वैलिया रेलवे कालोनी, थाना शाहपुर बताया जा रहा है।
इस टीम ने किया गिरफ्तार
गिरफ्तार करने वाली टीम में एसएसआई प्रवीन्द्र कुमार राय, एसआई गोपाल प्रसाद, कांस्टेबल मोहित उपाध्याय और हरेंद्र यादव शामिल रहे।
Published on:
04 Feb 2018 03:24 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
