
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश में अपराध को रोकने के लिए एंकाउंटर का सहारा लेकर पुलिस की बदमाशों में खौफ पैदा करने की कोशिश कामयाब नहीं हो पा रही है। बदमाश बेखौफ हो कर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ऐसी ही एक वारदात ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 सेक्टर स्थित मदर डेयरी के सामने देखने को मिली है। जहां बाइक सवार तीन बदमाशों ने महिला से चेन लूटी और मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार महिला मदर डेयरी पर नारियल पानी लेनी गई थी। लूट की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, सेक्टर बीटा-2 स्थित मदर डेयरी के सामने महेंद्र गुप्ता परिवार के साथ रहते हैं। घटना सोमवार सुबह की है। उनकी पत्नी मृदुला नारियल पानी लेने के लिए घर से बाहर निकली थीं। जिस दौरान वह नारियल पानी खरीद रही थी, तभी एक युवक नारियल पानी वाले के पास आया और अचानक मृदुला के गले से सोने चेन खीच कर भाग खड़ा हुआ। मृदुला उसके पीछे शोर मचाते हुए भागी लेकिन हथियारबंद झपट मार आपने साथी के साथ लौटा और टूट कर गिर गए चेन के टुकड़े को उठाकर अपने साथियों के साथ भाग खड़ा हुआ। दोनों बदमाशो के हाथो में हथियार दिखाइ दे रहे थे। महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग सका। पुलिस घटना के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाला तो एक कैमरे लूट की सारी वारदात की लाइव फुटेज मिल गई। कोतवाली प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी है।
Published on:
04 Nov 2020 03:24 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
