
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा. कोतवाली दादरी के क्षेत्र बील अकबरपुर गांव के पास पेरिफेरल एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा की कैंटीन में गैस सिलेंडर फटने से आग गई। सिलेंडर फटने से हुए धमाके से अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में दो लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद टोल कर्मियों ने जैसे-तैसे भागकर अपनी जान बचाई। शोर सुनकर आसपास के लोगों और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर पहुंची फायर बिग्रेड की गाड़ियों ने करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया।
दरअसल, सिलेंडर फटने से हुए धमाके के साथ आग लगने का यह मामला पेरिफेरल एक्सप्रेस वे टोल प्लाजा के कर्मचारियों का खाना बनाने वाली कैंटीन का है। पुलिस के अनुसार, गांव बील अकबरपुर के पास राम करण के मकान में टोल कर्मचारियों के खाना बनाने के लिए कैंटीन बनी है। कैंटीन में रामसिंह और बहादुर सिंह खाना बनाते हैं। शुक्रवार शाम दोनों खाना बना रहे थे। कुछ टोल कर्मचारी कैंटीन में बैठे हुए थे। इसी बीच अचानक एक-एक कर तीन सिलेंडर फट गए और कैंटीन में आग लग गई। रामसिंह और बहादुर सिंह आग की चपेट में आकर घायल हो गए गए।
एडीसीपी विशाल पांडे का कहना है घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। फायर बिग्रेड की गाड़ियों ने करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कैंटीन पूरी जलकर खाक हो गई। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
Published on:
06 Feb 2021 02:46 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
