
ग्रेटर नोएडा. ग्रेटर नोएडा में फिर एक युवती से सोमवार को चलती कार में रेप का मामला प्रकाश में आया है। बताया जा रहा है कि गाजियाबाद की एक युवती को नौकरी दिलवाने की बात कहकर एक युवक कार में बिठाकर दादरी पहुंचा था। युवती का आरोप है कि युवक ने चलती कार में उसके साथ रेप किया। वारदात के बाद युवक पीड़िता को कार से बाहर फेंककर फरार हो गया। पीड़ित युवती ने कोतवाली पहुंचकर केस दर्ज कराया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
दरअसल, यह घटना दादरी कोतवाली क्षेत्र के ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे की है। बता दें कि गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र की रहने वाली 22 वर्षीय युवती नोएडा के एक कॉल सेंटर में नौकरी करती है। पीड़िता ने बताया कि 5 माह पहले वह अपनी दादी के मायके जहांगीराबाद जिला बुलंदशहर गई थी। उस दौरान वहां उसकी पड़ोसी युवक आशिफ से जान पहचान हो गई।
पीड़िता ने बताया कि आशिफ नोएडा के शाहबेरी में ही फर्नीचर का काम करता है। युवती का आरोप है कि आज आशिफ ने उसे नौकरी दिलवाने की बात कहकर बुलाया था। वह उसके साथ मसूरी से कार में बैठी थी, लेकिन आशिफ ने ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे पर चलती कार में उसके साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित युवती ने दादरी कोतवाली में लिखित शिकायत दी है। पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज करते हुए पुलिस आरोपी के साथ युवती के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि आरोपियाें की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
Published on:
25 Nov 2019, 4:43 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.