
गुना। एबी रोड पर नानाखेड़ी मंडी के समीप बीती रात लंबा जाम लग गया। देखते ही देखते वाहनों की कतार टेलीफोन एक्सचेंज से लेकर शहर के बाहर बने मैरिज हॉल तक पहुंच गई। जाम के चलते वाहन निकालने की होड़ में वाहन चालकों के बीच मुंहवाद की स्थिति बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लगभग डेढ़ घंटे बाद मौके पर पुलिस पहुंची, जिसे जाम खुलवाने में लंबा समय लग गया।
अक्षय तृतीया के अबूझ मुहूर्त पर बुधवार रात शादी-समारोहों से शामिल होने के लिए नानाखेड़ी के समीप बने मैरिज गार्डनों पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। रात लगभग 10 बजे मंडी गेट से वाहनों की रफ्तार कम होती देखी गई। थोड़ी देर में वाहनों के पहिए थमने शुरु हो गए।
लोगों ने अपने-अपने वाहन निकालने के लिए जल्दबाजी दिखाई तो जगह-जगह वाहन फंस गए। इसके चलते शहर के अंदर टेलीफोन एक्सचेंज से लेकर शहर के बाहर बने मैरिज गार्डनों तक दुपहिया और चार पहिया वाहनों की बड़ी कतार लग गई।
लोगों का सब्र टूट रहा था। इसलिए कुछ वाहन चालक एक-दूसरे पर ही नाराजगी जाहिर करने लगे। एक—दूसरे को अपशब्द भी कहने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस दौरान नानाखेड़ी पुलिया के समीप दो वाहन चालक आपस में भिड़ गए। जिन्हें मौके पर मौजूद अन्य वाहन चालकों ने सुलझाया।
जाम खुलवाने में लग गया लंबा समय
बताया जाता है कि जाम लगने की सूचना पुलिस को काफी देर से मिली। तब तक सारे वाहन सड़कों पर कीड़ेे-मकोड़ों की तरह दौड़ते रहें। 9.30 बजे से लगा जाम लगभग 11.15 बजे तक खुल पाया। जब पुलिस के कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो उन्होंने खुद जाम के बीचों-बीच आने में समय लग गया। सबसे पहले अव्यवस्थित तरीके से फंसे वाहनों को ठीक करवाया गया।
इसके बाद जाम खुल सका। तब तक लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा और वह गंतव्य तक जाने के लिए वाहनों में बैठकर इंतजार करते देखे गए।
Published on:
20 Apr 2018, 10:50 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.