
ग्वालियर. ग्वालियर में एक 32 साल की युवती के साथ रेप का सनसनीखेज मामला है। युवती का आरोप है कि आरोपी पहले उसे भोपाल लेकर गया जहां जान से मारने की धमकी दी और अपनी हवस का शिकार बनाया। इसके बाद आरोपी अपने घर सीहोर ले गया जहां बंधक बनाकर कई बार उसकी आबरू तार-तार की। इतना ही नहीं जेवरात-नकदी भी छीन लिए और मारपीट भी की। किसी तरह से भागकर युवती वापस ग्वालियर पहुंची और पुलिस में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। आरोपी सीहोर जिले का रहने वाला है जो फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस के मुताबिक आरोपी नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवती को इंटरव्यू दिलाने के बहाने से अपने साथ भोपाल ले गया था।
इंटरव्यू दिलाने के बहाने ले गया था भोपाल
ग्वालियर शहर के डीडी नगर में रहने वाली 32 साल की युवती अंजली (बदला हुआ नाम) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसे जॉब की तलाश थी और वो जॉब सर्च कर रही थी इसी दौरान उसकी मुलाकात नेहरू नगर कॉलोनी में रहने वाले संजू कौशल के हुई। संजू मूल रुप से सीहोर जिले का रहने वाला था और ग्वालियर की नेहरू नगर कॉलोनी में किराए से रहता था। अंजली ने आगे बताया कि संजू ने उसे नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया और बीते दिनों उसे इंटरव्यू दिलाने के बहाने भोपाल ले गया। उसने कहा कि नौकरी पक्की समझो..6-7 दिन की ट्रेनिंग होगी जिसमें काम सिखाया जाएगा और फिर वहीं पर काम करना होगा इसलिए अपनी एक्टिवा भी साथ रख लो। अंजली उसकी बातों में आ गई और उसके साथ भोपाल आ गई। अंजली का आरोप है कि भोपाल लाकर आरोपी संजू ने उसके साथ जान से मारने की धमकी देकर रेप किया और फिर नशीला पदार्थ पिलाकर अपने घर सीहोर ले गया।
बंधक बनाकर किया रेप, गाड़ी,पैसे, जेवरात छीने
अंजलि (बदला हुआ नाम) का आरोप है कि आरोपी संजू उसे भोपाल से अपने घर सीहोर ले गया जहां उसे बंधक बनाकर रखा मारा-पीटा और कई बार अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोपी ने उसकी एक्टिवा के साथ ही जेवरात और 30 हजार रुपए छीन लिए। एक दिन किसी तरह मौका पाकर वहां से भागकर अपने घर ग्वालियर पहुंची। जहां पीड़िता ने आरोपी संजू के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है फिलहाल आरोपी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।
Published on:
9 Sep 2022, 3:55 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.