
इंदौर. इंदौर में एक बिजनेसमैन की बीवी के घर से 50 लाख रुपए के पुश्तैनी जेवरात लेकर भागने के हाईप्रोफाइल मामले में अब नया मोड़ आया है। अब बिजनेसमैन ने पुलिस पर कार्रवाई न करने के आरोप लगाए हैं और ये भी कहा है कि उनकी पत्नी की बहन गुंडों से अलग अलग मोबाइल नंबरों से फोन कॉल कराकर उसे समझौता करने के लिए धमकी दिला रही है। बिजनेसमैन का ये भी कहना है कि पुलिस पत्नी और उसकी बहन के खिलाफ कोई कार्रवाई न करते हुए उल्टे उसे ही ये सलाह दे रही है कि अनजान नंबरों से आने वाले फोन कॉल्स को अटेंड न करें। बता दें कि बीते महीने 18 अगस्त को बिजनेसमैन ने पत्नी के खिलाफ जेवरात लेकर भागने की शिकायत इंदौर शहर के लसूड़िया थाने में दर्ज कराई थी।
तीन महीने पहले ही हुई थी शादी
लसुड़िया थाना क्षेत्र में रहने वाले नितेश सिंघानिया दाल के बड़े कारोबारी हैं। उनकी शादी 3 मई 2022 को रुचि शर्मा निवासी गाजियाबाद उत्तरप्रदेश के साथ हुई थी। दोनों की ये दूसरी शादी थी और दोनों ने पहले लव मैरिज की थी और उनका तलाक हो गया था। दोनों की पहचान मेट्रोमोनियल साइड पर हुई थी और फिर दोनों के बीच करीब एक साल तक बातचीत होती रही और बातचीत प्यार में बदल गई। दोनों ने शादी करने का फैसला लिया और फिर 3 मई 2022 को परिवारवालों की रजामंदी से शादी कर ली। शादी के बाद पति नितेश पत्नी रूचि को हनीमून मनाने के लिए यूरोप भी ले गया था।
बीवी की बहन ने किया भड़काने का काम
18 अगस्त को कारोबारी नितेश ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि पत्नी रूचि व उसकी बहन मिया 50 लाख के जेवरात से भरा बैग लेकर भाग गए हैं। नितेश ने बताया कि जब से वो हनीमून से लौटे हैं तब से ही उनकी पत्नी की बहन मिया ने उनके व पत्नी के बीच झगड़ा कराना शुरु कर दिया था। 23 जुलाई को मिया ने मुझे, मेरी मां व पिता को मैसेज कर लिखा कि तुम अपने होने वाले बच्चे को मारना चाहते हो। जिसे लेकर मैंने पत्नी रूचि से बात की थी तो उसने बात को नजर अंदाज करने के लिए कहा था लेकिन 14 अगस्त की शाम अचानक पत्नी ने मुझसे पैतृक जेवरातों के बारे में पूछा और झगड़ा करने लगी। उसने मां औऱ पिता से भी झगड़ा किया और इसी बीच पुलिस घर आ गई, पुलिस को भी सूचना उसकी बहन मिया ने ही दी थी।
ज्वेलरी-कैश का बैग लेकर भागी पत्नी
नितेश ने बताया कि पत्नी से हुई विवाद के कारण उनकी काउंसलिंग की जा रही थी। हम सात बैगों में अपना सामान भरकर थाने ले गए थे जिनमें से रूचि ने तीन बैग अपने पास रख लिए थे वो काउंसलिंग के बाद घर नहीं लौटी और बहन के साथ होटल चली गई थी। दूसरे दिन भी काउंसलिंग के लिए जाना था लेकिन वो काउंसलिंग के लिए नहीं आई फोन किया तो बोली कि तबीयत ठीक नहीं है और शाम को जब होटल जाकर देखा तो पत्नी व उसकी बहन मिया जेवरात व कैश से भरा बैग लेकर बिना चैकआउट किए ही होटल से भाग चुके थे। नितेश के मुताबिक बैग में 50 लाख के जेवरात और करीब 1.50 लाख रुपए कैश था।
Updated on:
8 Sep 2022, 9:17 PM IST
Published on:
8 Sep 2022, 9:17 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.