
दान पेटियों से निकली रकम की गिनती करते बैंकों के रिटायर्ड कर्मचारी।
ग्वालियर. शहरवासियों की आस्था के केंद्र अचलेश्वर महादेव मंदिर की 13 दानपेटियां गुरुवार को खोली गईं। दानपेटियों से नकद राशि के साथ श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी कई अनूठी भेंट और भावनात्मक अर्जियां भी निकलीं। इस बार एक गुप्त दानदाता ने ब्रांडेड कंपनी का 22 कैरेट सोने का सिक्का और 0.56 ग्राम हीरा जड़ित 18 कैरेट की सोने की कान की बाली दान की। दानदाता ने साथ में लिखकर यह भी कहा कि आप इसकी जांच करवा सकते हैं, यह पूरी तरह असली है। दानपेटियों से परीक्षाओं में सफलता, नौकरी मिलने और प्रवेश दिलाने जैसी अनेक प्रार्थना-पत्र भी मिले। इसके अलावा चांदी के चार जोड़ी नाग-नागिन, दो बेलपत्र तथा जॉर्ज पंचम काल का एक चांदी का सिक्का भी निकला। अचलेश्वर न्यास के व्यवस्थापक राजेश पाराशर ने बताया कि दानपेटियों से कुल 6 लाख 79 हजार 740 रुपए प्राप्त हुए।
बैंकों के सेवानिवृत 18 कर्मचारियों ने 4 घंटे की गिनती
दान पेटियों में से निकले रुपयों की गिनती सुबह 11 बजे शुरू हुई, जो दोपहर तीन बजे बाद पूर्ण हुई। इसमें विभिन्न बैंकों के सेवानिवृत्त 18 कर्मचारियों ने रुपयों की गिनती की।
दान पेटी में निकले नोट और संख्या
500 रुपए के 624 नोट
200 रुपए के 324 नोट
100 रुपए के 1296 नोट
50 रुपए के 1746 नोट
20 रुपए के 3187 नोट
10 रुपए के 1900 नोट
सिक्के
01 रुपए के 500
02 रुपए के 2800
भावुक अर्जियां : बाबा मेरा एडमिशन हो जाए
बाबा आपसे मेरी एक विनती है कि मेरा पढ़ाई में ज्यादा से ज्यादा मन लगने लगे और मेरी जल्द नौकरी लग जाए।
मेरे बेटे और बहू को अपने चमत्कार से बहुत अच्छी जॉब या बिजनेस कराओ।
मेरी आपसे प्रार्थना है कि मेरा एडमिशन बीएएलएलबी में करा दो, फिर मैं प्रसाद चढ़ाने आऊंगी।
मेरी अर्जी स्वीकार करो शिवजी, दसवीं कक्षा में मेरी दो पेपरों में सप्लीमेंट्री आई है, दोनों पेपरों में पास करा देना।
Updated on:
07 Aug 2026 05:48 pm
Published on:
07 Aug 2026 05:48 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
