
फर्जी पासपोर्ट
ग्वालियर. डबरा में एक ही पते पर 17 बांग्लादेशियों के फर्जी पासपोर्ट बनवाने वाले गिरोह की अहम कड़ी ग्याप्रसाद गौतम उर्फ भंते ज्ञानज्योति निवासी बनवार (चीनोर) को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। ग्याप्रसाद ने वार्ड क्रमांक-1 सिमरिया (डबरा) में आंबेडकर पार्क में भंते था तब उसने करीब 8 से ज्यादा घुसपैठियों के पासपोर्ट बनाने के लिए मूल निवासी प्रमाण पत्र और पुलिस वेरिफिकेशन में उन्हें सिमरिया गांव का निवासी होने की गवाही दी थी। ग्याप्रसाद की करतूत तो फर्जी पासपोर्ट का खुलासा होने के साथ सामने आई थी, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया था। अब गिरफ्त में आने के बाद ग्याप्रसाद खुद को बेकसूर बताकर सारा ठीकरा गुरु गुलाबराय गौतम पर फोड़ रहा है। सफाई दे रहा है कि वह तो मोहरा है उसने तो गुलाबराय गौतम निवासी (माधौनगर) जनकगंज और रियाल उर्फ मित्यानंद भिक्षु के कहने पर ही बांग्लादेशियों को सिमरिया गांव का मूल निवासी बताया था और दस्तावेजों के सत्यापन में उनकी गवाही दी थी। इस आधार पर घुसपैठियों के भारतीय पासपोर्ट तैयार हुए थे। अभी तक की जांच सामने आया है मास्टरमाइंड रियाल चौधरी उर्फ मित्यानंद ने फर्जी पासपोर्ट का नेटवर्क धर्म की आड़ में बिछाया है। उसकी साजिश में ग्याप्रसाद गौतम और गुलाबराय भी शामिल थे। गुलाबराय उर्फ सम्यक बोधि भी आंबेडकर पार्क सिमरिया में भंते रहा है। रियाल चौधरी से ग्याप्रसाद और गुलाबराय की धार्मिक आयोजन में मुलाकात होती थी। उसकी आड़ में इन तीनों ने घुसपैठियों को भारतीय पासपोर्ट बनवाने का ताना बाना बुना। भंते होने के नाते प्रशासन और पुलिस महकमे में भी इनकी घुसपैठ थी। इसका फायदा उठाकर दोनों भंते (ग्याप्रसाद और गुलाबराय) इन घुसपैठियों के पासपोर्ट एजेंट बन गए।
सरपंच से भंते बना ग्याप्रसाद
ग्याप्रसाद की कुंडली भी चौकाने वाली है। उससे ताल्लुक रखने वालों का कहना है ग्याप्रसाद बहुजन विचारधारा का सक्रिय राजनीतिक कार्यकर्ता रहा है। भंते बनने से पहले पुरा बनवार गांव का सरंपच भी रह चुका है। फिर राजनीति का चोला उतारकर धर्म का ठेकेदार बनकर घुसपैठियों का मोहरा बन गया है। इस खेल गुलाबराय गौतम उर्फ सम्यक बोधि को भी तलाशा जा रहा है। लेकिन आरोपी फरार हो गया है।
मास्टरमाइंड के माता पिता अंडरग्राउंड
फर्जी पासपोर्ट कांड के मास्टरमाइंड रियाल चौधरी उर्फ मित्यानंद भिक्षु के अलावा उसका परिवार भी घुसपैठ आमला बैतूल के बौध विहार में बसा है। पासपोर्ट कांड का राज खुलने पर उसके माता पिता भी अंडरग्राउंड हो गए हैं।
फर्जी पासपोर्ट में गवाह गिरफ्तार
फर्जी पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया में गवाह ग्याप्रसाद गौतम उर्फ भंते ज्ञानज्योति को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। उसने कई पासपोर्ट में झूठी गवाही दी है। इसमें साजिश में उसका साथी भी शामिल था उसे भी तलाशा जा रहा है।
राजेश ङ्क्षसह भदौरिया एसटीएफ एसपी भोपाल
Updated on:
24 Sept 2026 06:00 pm
Published on:
24 Sept 2026 05:57 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
