
फर्जी पासपोर्ट
ग्वालियर. फर्जी दस्तावेजों के सहारे पासपोर्ट तैयार कराने वाले अंतरराष्ट्रीय सिंडीकेट की परतें अब तेजी से खुलने लगी हैं। ग्वालियर के डबरा के बाद अब इस गिरोह के तार भिंड जिले से भी जुड़ गए हैं। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने भिंडसे ताल्लुक रखने वाले भंते राहुल प्रकाश को शक के दायरे में लेकर पूछताछ शुरू की है। उसका पासपोर्ट भोपाल के अन्नानगर, गोविंदपुरा के पते पर जारी हुआ है लेकिन मूल पता भिंड में सामने आया है। इसलिए राहुल को एसटीएफ ने शक के दायरे में लिया है।
40 बांग्लादेशियों के पासपोर्ट बने
धर्म का चोला ओढ़कर 40 बांग्लादेशी घुसपैठियों के पासपोर्ट भी गोविंदपुरा के अन्नानगर (भोपाल) के भते पर बने हैं। इनमें लगभग सभी फरार है। उनकी पहचान के लिए एसटीएफ ने पासपोर्ट सेवा केंद्र का उस अवधि (2020-21) का रेकार्ड जब्त किया है। इसमें भंते राहुल प्रकाश को भी इसी पते पर पासपोर्ट इश्यू जारी होना सामने आया है। उसकी जांच की तो पता चला राहुल भिंड में राजनीतिक दल का पूर्व पदाधिकारी भी रहा। लेकिन भिंड की बजाए भोपाल के पते पर पासपोर्ट क्यों बनवाया है राहुल से इसकी जानकारी जुटाई जाएगी।
अंचल में कई संदेही
ग्वालियर और चंबल अंचल में फर्जी दस्तावेजों की मदद से पासपोर्ट बनवाने और इस सिंडीकेट को बैकडोर सपोर्ट देने वाले करीब 7 से 8 अन्य संदेही भी जांच एजेंसी के राडार पर हैं इनमें कुछ लोकल एजेंट और सरकारी तंत्र से जुड़े चेहरे बताए गए हैं। इन लोगों ने वेरिफिकेशन प्रक्रिया में साठगांठ कर फर्जीवाड़े को अंजाम दिलवाया। इन संदेहियों से भी एसटीएफ पूछताछ करेगी।
इन बिंदुओ पर जांच
-शक के दायरे में आए राहुल प्रकाश ने भिंड का पता छिपाकर भोपाल के उसी पते पर पासपोर्ट क्यों बनवाया जिस पते पर मास्टरमाइंड रियाल चौधरी उर्फ मित्यानंद भिक्षु ने 40 बांग्लादेशियों के पासपोर्ट बनवाए थे।
-राहुल प्रकाश भी भंते बन चुका है। प्रदेश के पांच जिलों डबरा (ग्वालियर), भोपाल, छिंदवाड़ा और बैतूल के पते पर 70 बांग्लादेशियों ने भी बौद्ध धर्म की आड़ लेकर पासपोर्ट बनवाए हैं
-संदेही राहुल प्रकाश का मास्टरमाइंड रियाल चौधरी के नेटवर्क से कोई ताल्लुक तो नहीं है।
Updated on:
03 Oct 2026 05:36 pm
Published on:
03 Oct 2026 05:35 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
