23 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

शराब तस्कर हत्याकांड में मुखबिर की गोली मारकर हत्या, सात साल पुरानी दुश्मनी में फिर कत्ल

ग्वालियर में शराब तस्करी की पुरानी रंजिश में एक और हत्या हो गई। भोला सिकरवार हत्याकांड में मुखबिर बताए जा रहे छोटू राजावत को तानसेन आरओबी पर बाइक से खींचकर गोली मार दी गई।
2 min read
Google source verification
photo by patrika

तानसेन आरओबी पर हत्या की वारदात के बाद जांच करती पुलिस।

ग्वालियर। शराब तस्करी के धंधे को लेकर करीब सात साल पहले शुरू हुई दुश्मनी में एक बार फिर हत्या हो गई। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात तानसेन नगर आरओबी पर बाइक सवार बदमाशों ने कांच मिल निवासी छोटू राजावत की गोली मारकर हत्या कर दी। छोटू करीब 16 महीने पहले हुई शराब तस्कर भोला सिकरवार की हत्या के मामले में मुखबिर बताया जा रहा था। भोला के परिजन को शक था कि छोटू की मुखबिरी पर ही बंटी भदौरिया ने भोला की गोली मारकर हत्या की थी।

पुलिस के अनुसार हत्या की वारदात रात करीब 12 बजे हुई। छोटू अपने दोस्तों के साथ सिरोल हाईवे से पार्टी करके घर लौट रहा था। रेसकोर्स रोड से तानसेन नगर आरओबी पर पहुंचने के बाद पीछे से आए बदमाशों ने उनकी बाइक को घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने छोटू को बाइक से खींचकर सड़क पर पटक दिया और गोली मार दी। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।

पार्टी से लौट रहे थे दोस्त

नीतेश परमार निवासी कांच मिल ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात वह अपने दोस्त पिल्लू, छोटू, हेमू और गोलू के साथ सिरोल हाईवे पर पार्टी करने गया था। रात करीब 12 बजे सभी बाइक से घर लौट रहे थे। तानसेन नगर आरओबी पर पहुंचते ही पीछे से आए आरोपियों ने उन्हें घेर लिया।

नीतेश के मुताबिक भोला सिकरवार के भाई हेमू, दिन्नू और उनके साथी राजवीर, रानू व अजीत भी वहां पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने छोटू को बाइक से खींचकर नीचे गिराया और गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकले।

मुखबिरी के शक में बना था निशाना

पुलिस के मुताबिक लाइन नंबर-1 निवासी शराब तस्कर भोला सिकरवार की करीब 16 महीने पहले 2 जून को उसके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शराब के धंधे को लेकर भोला और बंटी भदौरिया के बीच करीब सात साल से विवाद चल रहा था। भोला की हत्या के मामले में छोटू राजावत को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

जमानत पर कुछ दिन पहले ही बाहर आए छोटू को लेकर भोला के परिजन को शक था कि उसने बंटी भदौरिया को भोला की गतिविधियों की जानकारी दी थी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इसी रंजिश में भोला के भाई हेमू और दिन्नू ने साथियों के साथ मिलकर छोटू की हत्या की है।

चश्मदीद ने बताए आरोपियों के नाम

हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना में मौजूद प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस को 8-9 लोगों के नाम बताए हैं। पुलिस इन सभी की तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा।

सात साल पुरानी दुश्मनी में फिर हत्या

शराब तस्करी के विवाद से शुरू हुई दुश्मनी में पहले भोला सिकरवार की हत्या हुई और अब उसके हत्याकांड में मुखबिर बताए जा रहे छोटू राजावत की जान चली गई। पुलिस इस वारदात को पुरानी रंजिश से जोड़कर जांच कर रही है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।

पुलिस का कहना

शराब तस्कर भोला सिकरवार हत्याकांड में आरोपी रहे छोटू राजावत की मंगलवार देर रात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना में प्रत्यक्षदर्शी ने 8-9 लोगों के नाम बताए हैं। उनकी तलाश की जा रही है।

नागेन्द्र सिंह सिकरवार, सीएसपी, महाराजपुरा सर्किल